Sunday, March 13, 2011

अनुरागी मन - कहानी - भाग 10

==================
अनुरागी मन - कहानी - भाग 1; भाग 2; भाग 3;
भाग 4; भाग 5; भाग 6; भाग 7; भाग 8; भाग 9
==================


क्षण भर में दुनिया कैसे बदल जाती है इस बात का मर्म वीरसिंह को उस एक दिन में पता चल गया था। अपने दादाजी की छत्रछाया में अपनी अप्सरा की गोद में सर रखे हुए बेफिक्र वीरसिंह का एक ही रात में कायाकल्प हो गया था। एक खिलंदड़े किशोर के जीवन में एक ही रात में इतने क़हर टूटे जिनको समझने में उसकी उम्र चली जानी थी। उस एक रात में जीवन ने उन्हें जो पाठ पढ़ाया वह अमूल्य था। कुछ देर पहले तक भाग्य उनकी मुट्ठी में था। वे जब जैसा चाहते थे बिल्कुल वैसा ही घट रहा था। अचानक से किस्मत कैसी करवट बैठ गयी। एक ही पल में दो प्रियजनों से एक झटके में सम्बन्ध टूट गया था। हाथ छुड़ाने वालों में से एक जन्म से भी पहले का प्रिय था और दूसरा? जन्म-जन्मांतर का साथी या केवल चार दिन का हमराही?

दादाजी का शोक प्रकट करने वासिफ भी आया था। साथ में झरना भी थी। आंखों में आँसू के झरने, काला दुपट्टा, काली कमीज़, काला शरारा। ऊपर से नीचे तक दुःख की कालिख में डूबी हुई। वासिफ ने कन्धा थपथपा कर सांत्वना दी, झरना गले लग कर रोई। लेकिन वीरसिंह पत्थर हो गये थे। वे प्रकृति के इस क्रूर खेल को स्वीकार तो कर चुके थे लेकिन अभी भी समझ नहीं पा रहे थे। वासिफ ने कुछ कहा जो वीर ने सुना ज़रूर पर समझ न सके। झरना ने कोई कागज़ दिया जो उन्होंने लिया ज़रूर पर उसके बारे में कुछ भी याद न रख सके।

दशमे की रस्म आज दिन में पूरी हो चुकी थी। तेरहवीं के बाद पिताजी को वापस जाना था। चान्दनी रात में पिता-पुत्र छत पर चुपचाप खडे शून्य में कुछ ढूंढ रहे थे। निक्की चाय देकर चुपचाप वापस चली गयी। वीर को पिताजी से सहानुभूति हो रही थी। अपने पिता के बिना न जाने कैसा खालीपन अनुभव कर रहे होंगे?

“माता-पिता को खोना कितना कठिन है। आप ठीक तो हैं न?” वीर ने साहस करके पूछा।

“हाँ, जो लोग साथ रहते हैं उन्हें ज़्यादा मुश्किल होती होगी शायद।”

“आप तो अंतिम समय पर देख भी नहीं पाये!”

“हम तो सिपाही हैं। हमारे लिये सरकार जहाज़ का टिकट नहीं दे सकती। छुट्टी मिली यही बहुत है।”

“ऐसा क्यों कह रहे हैं?” वीर ने आश्चर्य से पूछा। पता लगा कि सेना में सिपाहियों को कई बार ज़रूरी काम होने पर भी छुट्टी नहीं मिलती है। सारी सुविधायें भोगते हुए भी कुछ अधिकारी कई बार दुष्कर परिस्थितियों में रहते अपने सिपाहियों के प्रति क्रूरता की हद तक अमानवीय हो जाते हैं।

पिताजी को छुट्टी की समस्या नहीं आयी मगर महीने भर पहले उन्हीं की यूनिट में एक अधिकारी ने जब अपने सिपाही को कायर, झूठा और मक्कार कहते हुए मृत्यु के कगार पर पड़ी माँ को देखने की दर्ख्वास्त को फाड़कर फेंक दिया था तो उसी सिपाही ने रात में खूब शराब पीकर अधिकारी को गोली मार दी थी। सिपाही क़ैद में था और गाँव में उसकी माँ का शवदाह पडोसी कर रहे थे।

वीर को इस दुनिया और समाज से पूर्ण विरक्ति सी होने लगी। झरना ने उनके हृदय पर एक गहरा और अमिट ज़ख्म दिया था। उस रात की सभी दुखद घटनाओं के लिये वे अब तक उसे ही कारक मान रहे थे।

[क्रमशः]

Thursday, March 10, 2011

नया प्रदेश, युवा मुख्यमंत्री [इस्पात नगरी से-38]

.
श्री गणेशाय नमः।

ज्ञानदत्त पाण्डेय जी की ताज़ी पोस्ट "डिसऑनेस्टतम समय" ने अपने पाठकों को काफी कुछ सोचने को मजबूर किया है। पांडेय जी के अधिकांश अवलोकनों और निष्कर्षों से असहमति की कोई गुंजाइश ही नहीं है। विशेषकर, जब वे कहते हैं कि "और तो बाहरी लोगों को लूटते हैं। ये घर को लूट रहे हैं। ऑनेस्टी पैरों तले कुचली जा रही है। ... ईमानदारी अब सामाजिक चरित्र नहीं है।"

उनकी इस पोस्ट ने नई-पुरानी कई बातें याद दिलाईं। दिल्ली में किसी आटोरिक्शा के पीछे लिखा देखा था:

100 में निन्यानवे बेईमान, फिर भी मेरा भारत महान!

स्कूल में एक सहपाठी को अक्सर कहते सुना था, "जो पकडा गया वह चोर! मतलब यह कि (हमारे देश में) चोर तो सभी हैं, कोई-कोई पकड में आ जाता है।"

नादिर शाह का ध्वज
बचपन में किसी हिन्दी फिल्म में मुकेश का गाया गीत "जय बोलो बेईमान की" बडा मशहूर हुआ था। लेकिन जो बात बडी शिद्दत से याद आयी वह यह कि हमारे बेईमान, न केवल बेईमानों में बेईमानी करते हैं, वे ईमानदारी की गंगा में रोज़ डुबकी लगाकर भी ईमानदार नहीं हो पाते। हाँ, गंगा मैली करने का प्रयास अवश्य करते हैं ताकि उनकी बेईमानी सामान्य लगने लगे।

पार्किंग में, आटो, टैक्सी आदि के किराये में बेईमानी मिलना तो आम बात है ही। दिल्ली में मैंने कितनी ही बार महंगी कार में बैठे सूट्बूटक नौजवानों को पास से गुज़रते ठंडे पेय के खुले ट्रक से बोतलें चुराते देखा है। एक ज़माने में अक्सर यह खबर सुनने में आती थी कि कोई प्रसिद्ध भारतीय अपनी विदेश यात्रा के दौरान किसी डिपार्टमेंटल स्टोर में चोरी करते हुए पकडा गया। मतलब यह कि धन-धान्य से भरपूर भारतीय मन भी बिना निगरानी का माल देखकर डोल ही जाता था। बेचारे मासूमों को यह नहीं पता होता था कि चोर कैमरे उनकी चोरी को रिकॉर्ड कर रहे होते थे।

जब विवेक कुन्द्रा के ओबामा के कम्प्यूटर सलाहकार बनने की खबर आयी थी तो भारतीय समुदाय बडा प्रसन्न हुआ था। कुछ ही दिनों में खबर आ गयी कि एक दशक पहले 21 वर्ष की आयु में कुन्द्रा जी "जे सी पैनी" स्टोर से कुछ कमीज़ें चुराते हुए पकडे गये थे। उनकी सज़ा: कमीज़ों का मूल्य, 100 डॉलर दण्ड और 80 घंटे की समुदाय सेवा। [पूरी खबर पढने के लिये यहाँ क्लिक कीजिये।]

लेकिन ताज़ी खबर इन सब छोटी-मोटी खबरों का बाप है। डेलावेयर में अंडर कवर एजेंटों ने भारतीय मूल के एक इलेक्ट्रॉनिक्स डीलर को एक स्टिंग ऑपरेशन द्वारा पकडा गया है। हथियारों के ईरानी दलाल आमिर अर्देबिल्ली को प्रतिबन्धित उपकरण (सैन्य इस्तेमाल में आने वाले माइक्रोवेव रेडियो) बेचने के आरोप को स्वीकार करके विक्रमादित्य सिंह ने अपनी सज़ा को 6 मास की नज़रबन्दी और एक लाख डॉलर के ज़ुर्माने तक सीमित कर दिया। सज़ा पूरी होने पर उन्हें देशनिकाला देकर भारत भेज दिया जायेगा।

वैसे तो खबर में ऐसा कुछ खास न दिखे परंतु 34 वर्षीय विक्रमादित्य सिंह राष्ट्रीय लोक दल के अमेरिका-शिक्षित अध्यक्ष और किसान नेता अजित सिंह के दामाद हैं। यदि निर्वासन के बाद वे सक्रिय राजनीति में आयें और अपने ससुर द्वारा मांगे जा रहे भविष्य के हरित प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो क्या आपको आश्चर्य होगा?

कुछ साल पहले एक भारतीय कार डीलर कर चोरी के लिये बहियों में हेरफेर करते हुए पकडे गये थे। पिछ्ले दिनों बॉस्टन के एक भारतीय व्यवसायी भारत के बैंकों में भेजी भारी रकम और उस पर होने वाली आमदनी को कर विभाग से छिपाने के प्रयास में कानून की गिरफ्त में आये थे। सोचता हूँ कि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की टक्कर पर कहीं अमेरिका स्वाभिमान ट्रस्ट न शुरू हो जाये।

श्री लक्ष्मी जी सदा सहाय नमः॥

=========================================
इस्पात नगरी से - सम्बन्धित कड़ियाँ
=========================================

Sunday, March 6, 2011

बबल्स कुमार (मार्च 2009 - फरवरी 2011)

.
न जायते म्रियते वा कदाचिन्नायं
भूत्वा भविता वा न भूयः।
अजो नित्यः शाश्वतोऽयं पुराणो
न हन्यते हन्यमाने शरीरे।।

जून 2010 में जब मैंने "श्रीमान बबल्स कुमार की अदाएं" लिखा था, तब यह अहसास नहीं था कि जल्दी ही बबल्स पर एक और पोस्ट लिखनी पडेगी। सन 2009 में बबल्स हमारे घर आया था। अन्दाज़ यह है कि उसका जन्म मार्च 2009 में हुआ था। 13 फरवरी की शाम को उसने अपनी नश्वर देह त्याग दी।


बबल्स (कुमार) शर्मा (2009-2011)
(चित्रों में: बबल्स की अंतिम आरामगाह के दो दृश्य। खुश रहे तू सदा ...)

इसी बीच में हमारे पडोसी की बिल्ली मौली की एक आंख को किसी शरारती बच्चे ने रबड की गोली से आहत कर दिया है। इन्हीं दो घटनाओं की गूंज अभी मन में है। कुछ दिनों के अवकाश के बाद आज फिर थोडी बर्फ गिरी है। बबल्स के बारे में पिछली चित्रमयी पोस्ट पढने के इच्छुकों के लिये:
श्रीमान बबल्स कुमार की अदाएं


[सभी चित्र अनुराग शर्मा द्वारा Photos by Anurag Sharma]