Tuesday, February 13, 2018

कविता: चले गये ...

(अनुराग शर्मा)

अनजानी राह में
जीवन प्रवाह में
बहते चले गये

आपके प्रताप से
दूर अपने आप से
रहते चले गये

आप पे था वक़्त कम
किस्से खुद ही से हम
कहते चले गये

सहर की रही उम्मीद
बनते रहे शहीद
सहते चले गये

माया है यह संसार
न कोई सहारा यार
ढहते चले गये ...

Saturday, January 6, 2018

देवासुर संग्राम 9 - नियंत्रणवाद से समन्वय की ओर

सर्वेषाम् देवानाम् आत्मा यद् यज्ञः  (शतपथ ब्राह्मण)
सब देवों की आत्मा यज्ञ (मिलकर कार्य करना) में बसती है


पिछली कड़ियों में हमने सुर, असुर, देव, दैत्य, दानव, भूत, पिशाच, राक्षस आदि शब्दों पर दृष्टिपात किया है।
हम यह भी देख चुके हैं कि देव दाता हैं, उल्लासप्रिय हैं, यज्ञकर्ता (मिलकर जनहितकार्य करने वाले) हैं। वे शाकाहारी, शक्तिशाली, सहनशील, और दयालु होने के साथ-साथ कल्पनाशील, प्रभावी वक्ता हैं। देव उत्साह से भरे हैं, उनके चरण धरती नहीं छूते। हम पहले ही यह भी देख चुके हैं कि सुर, असुर दोनों शक्तिशाली हैं, परंतु असुरत्व में अधिकार है, जबकि देवत्व में दान है। असुर गतिमान, द्रव्यवान, और शक्तिशाली हैं। वे महान साम्राज्यों के स्वामी हैं। यह भी स्पष्ट है कि वरुण और रुद्र जैसे आरम्भिक देव असुर हैं। उनके अतिरिक्त मित्र, अग्नि, अर्यमन, पूषा, पर्जन्य आदि देव भी असुर हैं। अर्थ यह कि पूर्वकाल के देव भी असुर ही हैं। सुर-काल में असुर पहले से उपस्थित हैं। इतने भर से यह बात तो स्पष्ट है कि सुरों का प्रादुर्भाव असुरों के बाद हुआ है। पहले के देव असुर इसलिये हैं कि उस समय तक वे सुर व्यवस्था को फलीभूत नहीं कर सके हैं। सुर सभ्यता की पूर्ववर्ती असुर सभ्यता विकसित हो चुकी है। नगर बस चुके हैं। सभ्यता आ चुकी है, लेकिन उसे सुसंस्कृत होना शेष है। वह अभी भी कठोर और क्रूर है। असुर व्यवस्था में आधिपत्य है, एक सशक्त राज्य, शासन-प्रणाली, और वंशानुगत राजा उपस्थित हैं। आसुरी व्यवस्था में वह असुरराज ही उनका ईश्वर है। वह असुर महान सबका समर्पण चाहता है। उसके कथन के विरुद्ध जाने वाले को जीने का अधिकार नहीं है।  यहाँ तक कि राज्य का भावी शासक, वर्तमान राजा हिरण्यकशिपु का पुत्र प्रह्लाद भी नारायण में विश्वास व्यक्त करने के कारण मृत्युदण्ड का पात्र है। असुर साम्राज्य शक्तिशाली और क्रूर होते हुए भी भयभीत है। व्यवस्था द्वारा प्रमाणिक ईश्वर के अतिरिक्त किसी अन्य दैवी शक्ति में विश्वास रखने वाले व्यक्तियों से उनकी आस्था खतरे में पड़ जाती है। वे ऐसे व्यक्तियों को ईशनिंदक मानकर उन्हें नष्ट करने को प्रतिबद्ध हैं, भले ही ऐसा कोई व्यक्ति उनकी अपनी संतति हो या उनका भविष्य का शासक ही हो। आस्था के मामले में असुर व्यवस्था नियंत्रणवादी और एकरूप है। किसी को उससे विचलित होने का अधिकार नहीं है। व्यक्तिगत स्वतंत्रता के लिये वहाँ कोई स्थान नहीं है। अपनी विचारधारा से इतर मान्यताओं को बलपूर्वक नष्ट करना वे अपना अधिकार समझते हैं। धार्मिक असहिष्णुता आसुरी व्यवस्था के मूल लक्षणों में से एक है।


आस्था की व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अतिरिक्त सुर-व्यवस्था में असुरों की तुलना में एक और बड़ा अन्तर आया है। जहाँ असुर व्यवस्था एकाधिकारवादी है, एक राजा और हद से हद उसके एकाध भाई-बंधु सेनापति के अलावा अन्य सभी एक-समान स्तर में रहकर शासन के सेवकमात्र रहने को अभिशप्त हैं, वहीं सुर व्यवस्था संघीय है। हर विभाग के लिये एक सक्षम देवता उपस्थित है। जल, वायु, बुद्धि, कला, धन, स्वास्थ्य, रक्षा, आदि, सभी के अपने-अपने विभाग हैं और अपने-अपने देवता। सभी के बीच समन्वय, सहयोग, और सम्वाद का दायित्व इंद्र का है। महत्वपूर्ण  होते हुये भी वे सबसे ख्यात नहीं हैं, न ही अन्य देवताओं के नियंत्रक ही।

इतना ही नहीं  देवताओं के संघ के अध्यक्ष का पद हस्तांतरण योग्य है। इंद्र के पद को कोई भी चुनौती दे सकता है,  और अपनी पात्रता का प्रस्ताव रख सकता है।  इंद्र का सिंहासन पाने के इच्छुकों के लिये निर्धारित तप की अर्हता है, जिसके होने पर पौराणिक भाषा में, इंद्र का सिंहासन 'डोलता' भी है। असुरराज के विपरीत इंद्र एक वंशानुगत उत्तराधिकार नहीं बल्कि तप से अर्जित एक पद है जिस पर बैठने वाले एक दूसरे के रक्तसम्बंधी नहीं होते।

एकाधिकारवादी, असहिष्णु, और क्रूर विचारधाराएँ संसार में आज भी उपस्थित हैं जिनके मूल में आसुरी नियंत्रणवाद है। लेकिन इसके साथ ही दैवी उदारवाद, वैविध्य, सहिष्णुता और सहयोग, संस्कृति  की जिस उन्नत विचारधारा का वर्णन भारतीय धर्मग्रंथों में सुर-तंत्र के रूप में है, भारतीय मनीषियों, हमारे देवों के सर्वे भवंतु सुखिनः, और तमसो मा ज्योतिर्गमय की वही अवधारणा आज समस्त विश्व को विश्व बंधुत्व और लोकतंत्र की ओर निर्देशित कर रही है।

असुरराज के हाथ में पाश है, जबकि देवों के हाथ अभयमुद्रा में हैं - भय बनाम क्षमा - नश्वर मानव किसे चुनेंगे? सुरासुर का भेद समुद्र मंथन के समय स्पष्ट है। समुद्र मंथन के समय असुर-राज शक्तिशाली था। जबकि सुर एक नयी व्यवस्था स्थापित कर रहे थे। लम्बे समय से स्थापित राजसी असुर शक्ति इस नई प्रबंधन व्यवस्था को जन्मते ही मिटाने को आतुर थी। समुद्र-मंथन युद्ध के बाद मिल-बैठकर चिंतन, मनन, और सहयोग से भविष्य चुनने का मार्ग है जिसमें बहुत सा हालाहल निकलने के बाद चौदह रत्न और फिर अमृत मिला है जो सुरों के पास है। सुर व्यवस्था अमृत व्यवस्था है। कितना भी संघर्ष हो, इसी में स्थायित्व है, यही टिकेगी। विचारवान मनुष्य को किसी विचारधारा का रोबोट नहीं बनाया जा सकता। पाश बनाम अभय! तानाशाही कितनी भी शक्तिशाली हो जाये, मानवता कभी भी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार नहीं छोड़ेगी।

[क्रमशः]

Wednesday, November 1, 2017

सेतु हिन्दी लघुकथा प्रतियोगिता


आपकी प्रिय द्वैभाषिक मासिक पत्रिका 'सेतु' के प्रथमांक से अब तक के अल्पकाल में 'सेतु' को 231,000 से अधिक बार देखा और पढ़ा गया है। यह आप सबका प्रेम है सेतु के प्रति, सेतु के रचनाकारों के प्रति। प्रकाशन के अल्पकाल में ही सेतु द्वैभाषिक पत्रिका को असीमित सहयोग देने और अप्रतिम सफलता दिलाने के लिये सेतु सम्पादन मण्डल आपका आभारी है।

पिछले वर्ष इसी समय घोषित सेतु अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी काव्य प्रतियोगिता की असीम सफलता से उत्साहित होकर हिंदी दिवस और हिंदी पक्ष के पर्व वाले सितम्बर मास के इस अंक में 'सेतु' के हिन्दी संस्करण की ओर से एक अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी लघुकथा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए आप अपनी सर्वश्रेष्ठ, मौलिकअप्रकाशित लघुकथा को यूनिकोड देवनागरी में लिखकर वर्ड फ़ाइल के रूप में सेतु हिंदी को setuhindi@gmail.com पर 31 दिसम्बर 2017 (भारतीय समयानुसार) तक भेज दीजिये।

भाग लेने के लिये आयु, राष्ट्रीयता आदि जैसी कोई सीमा नहीं है। प्रतियोगिता के अन्य नियम वही हैं जो सेतु में प्रकाशन के लिये रचना भेजने के नियम हैं। कृपया रचना भेजने के नियम भली प्रकार पढ़कर, उनके पालन की स्वीकृति अवश्य भेजें। ईमेल भेजते समय विषय में एवं संलग्न कविता के शीर्षक के पूर्व 'सेतु हिन्दी लघुकथा प्रतियोगिता 2017' लिखना न भूलें।

निर्णायक मण्डल द्वारा चयनित सर्वश्रेष्ठ रचनाओं के लिये निम्न पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं, जो कुछ विशेष परिस्थितियों में बढ़ाए जा सकते हैं।
  • प्रथम पुरस्कार: $125
  • द्वितीय पुरस्कार: $100
  • तृतीय पुरस्कार: $75
  • अन्य पुरस्कार: साहित्यिक पुस्तकें
कृपया परिणामों की घोषणा होने तक प्रविष्टियों को अन्यत्र प्रकाशन के लिये न भेजें। पुरस्कार प्राप्त न करने वाली लघुकथाओं में से भी प्रकाशन योग्य रचनाएँ सेतु के आगामी अंकों में प्रकाशित की जा सकती हैं। अन्य अप्रकाशित रचनाओं को लेखक कहीं भी भेजने के लिये स्वतंत्र हैं।

नियमों का सारांश:
1. प्रविष्टियाँ केवल ईमेल द्वारा setuhindi@gmail.com पते पर स्वीकार की जायेंगी।
2. एक व्यक्ति की ओर से केवल एक रचना स्वीकार की जायेगी।
3. रचना पूर्णतः अप्रकाशित हो, न कहीं छपी हो, न ऑनलाइन, फ़ेसबुक, ब्लॉग, ई-समूहों आदि में साझा की गई हो। प्रतियोगिता का निर्णय होने तक रचना कहीं प्रकाशन के लिये न भेजी जाय, न ही ऑनलाइन, फ़ेसबुक, ब्लॉग, ई-समूहों आदि में साझा की जाय। ऐसी जानकारी मिलते ही प्रविष्टि रद्द कर दी जायेगी।
4. रचना यूनिकोड में टंकित हो, अन्य स्वरूपों में लिखी, स्क्रीनशॉट, ऑडियो, लिंक, आदि के रूप में भेजी गई रचनाओं को पूर्व-अस्वीकृत मानिये।
5. विषय में एवं संलग्न कविता के शीर्षक के पूर्व 'सेतु हिन्दी लघुकथा प्रतियोगिता 2017' लिखना आवश्यक है।
6. रचना भेजने के नियम भली प्रकार पढ़कर, उनके पालन की स्वीकृति का वचन रचना के साथ भेजना एक अनिवार्यता है।
8. निर्णायक मण्डल का निर्णय अंतिम और मान्य होगा।
9. भारतीय समयानुसार 31 दिसम्बर 2017 के बाद मिली प्रतियोगिता प्रविष्टियाँ स्वतः अयोग्य मानी जायेंगी।
10. परिणामों का प्रकाशन सेतु के मार्च 2018 अंक में किया जायेगा।

हार्दिक मंगलकामनाएँ!