Monday, November 9, 2026

ग़ज़ल: न जीवन को मालूम, काल पर क्यूँ न उसका जोर

न काँटे को मालूम, कौन पकड़ा कपड़े का छोर
न बाती को मालूम, कहाँ कब अबके होगी भोर।

न प्रियतम को मालूम, प्रिया के हिय में बैठा चोर
न चितवन को मालूम, कहाँ है छिपा हुआ चितचोर।

न जंगल को मालूम, किधर औ कब नाचा था मोर
न मरुधर को मालूम, कहाँ अब घटा गयी घनघोर।

न कस्बों को मालूम, नगर में क्यों उठता है शोर
न अनुभव को मालूम, क्यों आशा से भरे किशोर।

न जीवन को मालूम, काल पर क्यूँ न उसका जोर
न सागर को मालूम, डूब जाते क्यों गोताखोर॥

No comments:

Post a Comment

मॉडरेशन की छन्नी में केवल बुरा इरादा अटकेगा। बाकी सब जस का तस! अपवाद की स्थिति में प्रकाशन से पहले टिप्पणीकार से मंत्रणा करने का यथासम्भव प्रयास अवश्य किया जाएगा।