मेरे हिस्से में था—साझा खाता,
साझा उत्सव,
और हर वह तस्वीर
जिसमें मैं नहीं था;
क्योंकि मैं हमेशा
कैमरे के उस पार खड़ा था।
तुम्हारे हिस्से में था—
एक विचित्र ब्रह्माण्ड,
कई‑कई वृत्तों का घेरा।
बीच में तुम,
हर फ्रेम में मुस्कुराते हुए
चारों ओर
माता‑पिता, भाई‑बहन,
रिश्तेदार, प्रशंसक,
दोस्त, पड़ोसी, सहकर्मी,
नितांत अजनबी भी।
बस एक भला मानस था
जिसके लिए मुस्कान नहीं थी
वह जो हर बार
पीछे खड़ा रहता था।
जो धीरे‑धीरे
निरंतर अपमानित होते हुए
पीछे छूट ही गया—
घर-परिवार,
नाते-संस्कार,
नज़र से भी,
याद से भी।
नज़र से भी,
याद से भी।
यदाकदा सामने लाया जाता था
जब सुरक्षा चाहिए होती,
या संकट में सहारा,
जब पैसों की ज़रूरत होती,
या किसी महफ़िल तक जाने को
चालक नहीं मिलता था,
या एक सर चाहिये होता था
खानदानी मूर्खता के
नुकसान का ठीकरा फोड़ने को।
नुकसान का ठीकरा फोड़ने को।
तुम्हारे खाते जुड़े थे
तुम्हारे अपने रक्त‑सम्बन्धों से—
गौरव, अपनी जाति से
द्वेष मुझसे, मेरे हितैषियों से।
तुम्हारे उत्सव सजते थे
तुम्हारे मित्र‑मंडल के लिए—
और मैं—
मैं बस कभी‑कभार
तुम्हें वहाँ छोड़ आता था,
जहाँ मैं स्वयं
कभी आमंत्रित नहीं था।
धीरे‑धीरे
मैं ग़ायब होता गया—
तुम्हारे जीवन से,
अपने जीवन से,
अपने लोगों से,
अपने मित्रों से,
और उन सब से
जो सच में मेरी परवाह करते थे,
गाहे-बगाहे तारीफ़ भी।
और यह सब होते हुए भी,
मैं दशकों साथ चलता रहा था
अपने उस सबसे बड़े शत्रु के
जिसने कभी नहीं गँवाया
एक भी अवसर मुझे निशाना बनाने का
दिल दुखाने का
मेरे विकेट उखाड़ने का
मेरे खिलाफ़ गोल करने का
मुझे अपमानित—
और बदनाम करने का
अपनी सखियों में
उनके पतियों में
यारों में, दिलदारों में
यहाँ तक कि
मुहल्ले के दुकानदारों में।
अपनी सखियों में
उनके पतियों में
यारों में, दिलदारों में
यहाँ तक कि
मुहल्ले के दुकानदारों में।

No comments:
Post a Comment
मॉडरेशन की छन्नी में केवल बुरा इरादा अटकेगा। बाकी सब जस का तस! अपवाद की स्थिति में प्रकाशन से पहले टिप्पणीकार से मंत्रणा करने का यथासम्भव प्रयास अवश्य किया जाएगा।