Monday, April 30, 2012

बॉस्टन में वसंत का जापानी महोत्सव - इस्पात नगरी से [58]

एक पार्क का दृश्य
उत्तरी गोलार्ध में वसंतकाल अभी चल रहा है। कम से कम उत्तरपूर्व अमेरिका तो इस समय पुष्पाच्छादित है। पूरे-पूरे पेड़ रंगों से भरे हुए हैं। साल में दो बार प्रकृति इस प्रकार र्ंगीली छटा में नहाई दिखती है। यहाँ बहार और पतझड़ दोनों ही दर्शनीय होते हैं। अंतर इतना ही है कि एक सृजन का सौन्दर्य है और एक विदाई का। एक प्रातः है और दूसरी साँय। लेकिन सौन्दर्य में कोई कमी नहीं है। यह समय नव-पल्लवों का है जबकि वह समय पत्तों के सौन्दर्य का है जो जाते-जाते भी विदाई को यादगार बना जाते हैं। बाज़ार फ़िल्म के एक गीत की उस मार्मिक पंक्ति की तरह जहाँ संसार त्यागने का मन बना चुकी नायिका अपने प्रिय से कहती है:
याद इतनी तुम्हें दिलाते जायें, 
पान कल के लिये लगाते जायें, 
देख लो आज हमको जी भर के

जापान में भी कुछ समय पहले सकूरा का समय था। मुनीश भाई ने इस विषय पर तोक्यो से बहुत सुन्दर चित्रालेख लगाये थे। उनके शब्दों को दोहराऊँ तो सकूरा में जापानी संस्कृति का रहस्य छिपा है। भले ही कुछ देर के लिये खिलो, लेकिन ऐसे खिलो कि संसार वाह कर उठे। सकूरा का समय तो अब पूरा हुआ। मेरे आंगन का सकूरा (क्वांज़न चेरी ब्लॉसम) भी अपने सारे पुष्पों की वर्षा कर के अब हरे पत्तों से लदा हुआ है। लेकिन अन्य बहुत से पेड़ प्रकृति का सौन्दर्य संतुलन बनाने में जी-जान से लगे हुए हैं। प्रकृति में कहाँ से आते हैं इतने रंग? कौन भरता है जीवन में उल्लास। हम भारतीय तो उत्सव-प्रिय लोग हैं मगर वसंत उत्सव पर हमारा एकाधिकार नहीं है। सर्दी में सोई पड़ी प्रकृति के एक अंगड़ाई लेते ही संसार भर में वसंत की खुशबू बिखर जाती है और लोग निकल पड़ते हैं उत्सव मनाने।

अमेरिका की विशेषता है यहाँ की विविधता। भारतीय संस्कृति अपने उत्कर्ष पर थी तब जिस प्रकार कभी भारत में संसार भर से लोग आया करते थे उसी प्रकार आज अमेरिका विश्व का चुम्बक है। इस महान लोकतंत्र में आज आपको हर देश, जाति, संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाले मिल जायेंगे। बेशक, इस विविधता ने अमेरिका को वह ऊँचाई प्रदान की है जिसे पाने के लिये संसार के अन्य राष्ट्र ललक रहे हैं। अनेकता में एकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अमेरिका की निरपेक्ष संस्कृति ने हर राष्ट्रीयता को अपनी विशेषतायें बनाये रखने और उनकी उन्नति करने का अवसर दिया है।

यहाँ आपको तिब्बती या अफ़ग़ान ढाबा भी आराम से मिल जायेगा और योग प्रशिक्षण केन्द्र भी। मन्दिर, मस्ज़िद तो हैं ही, विभिन्न भाषा-भाषियों और राष्ट्रीयता वाले अनेक चर्च भी मिल जायेंगे। अगर कोई भारतीय समूह अपने देवता या बाबा की प्रतिष्ठा में हर सप्ताह जगह किसी चर्च से किराये पर लेता हो तो उसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है। मैंने खुद कई सरकारी स्कूलों में न जाने कितने रविवार को उपनिषदों पर प्रवचन सुने हैं। प्राचीन भारत और आधुनिक अमेरिका इस बात के सशक्त उदाहरण हैं कि सहिष्णुता और उदारता किसी राष्ट्र के उत्थान में कितनी आवश्यक है।

जब विविध राष्ट्रीयतायें और विभिन्न समुदाय हैं तो उनके अपने सांस्कृतिक उत्सव होना स्वाभाविक है। इस सप्ताहांत कुछ मित्रों ने बॉस्टन का जापानी वसंत महोत्सव देखने बुलाया। मेरे पास भी उस दिन कुछ खास काम नहीं था। नियत समय पर पहुँच गया नगर के एक प्राचीन चर्च के मैदान में। जाते ही नज़र पड़ी किमोनो स्टाल पर जहाँ बड़ी महिलाओं से लेकर नन्हीं बच्चियाँ तक सभी के ट्राय करने के लिये जापानी परिधान किमोनो उपलब्ध थे। ये दो स्त्रियाँ एक बच्ची को किमोनो पहना रही हैं जिससे हम आगे मिलेंगे।
इस स्टाल पर ये लोग अखबार और पुराने पत्र-पत्रिकाओं के कागज़ से विभिन्न वस्तुयें बनाकर आगंतुकों को दे रहे थे, साथ ही जापानी हिरागाना लिपि में उनके नामपट्ट और बुकमार्क भी बना रहे थे। कुछ बूथ पर कैलिग्राफ़ी और चित्रकला का प्रदर्शन भी था। बच्चे मगन होकर रंगों को मनचाहे रूप प्रदान कर रहे थे।
जापानी परिधान और नीली छतरी में पोज़ देती यह षोडषी निश्चित रूप से जापानी नहीं है। मगर विविधता का यही सौन्दर्य है। जहाँ आप न केवल विभिन्न संस्कृतियों को देखते हैं बल्कि उन्हें महसूस करते हैं और उनका भाग बनने में खुशी का अनुभव करते हैं। भिन्नता से भय नहीं बल्कि मानवता के एक होने का अहसास उपजता है। अफ़्रीकी मूल की युवती को जापानी परिधान में देखना मुझे अच्छा लगा। और भी बहुत से लोग थे जो जापानी वेशभूषा में थे। मौसम अच्छा था शायद इसलिये भीड़ बहुत थी। इतनी भीड़ कि किसी भारतीय मेले की याद आ जाये। किसी भी चित्र का बड़ा रूप देखने के लिये उस पर क्लिक कर सकते हैं।
चर्च के बाहर बने स्टेज पर गीत, संगीत और नृत्य के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे थे। मज़े की बात ये थी कि यहाँ भी भाग लेने वालों में जापानी मूल के लोगों के साथ बहुत से लोग अन्य जातियों, राष्ट्रीयताओं वाले थे। समूह गान और ढोल के प्रदर्शनों में भी स्थानीय प्रशिक्षण केन्द्र और स्थानीय छात्रों की कई लाजवाब प्रस्तुतियाँ थीं। दर्शकों की संख्या इतनी अधिक होने की मुझे कतई उम्मीद नहीं थी। ग़नीमत यह थी कि अधिकांश लोग जापानी मूल के थे इसलिये उनकी अद्वितीय विनम्रता के दर्शन हर ओर हो रहे थे।

किस्म-किस्म के स्टाल हैं। जापानी कलाकृतियाँ और चित्रों की बहुतायत है। जापान की यात्रा और जापानी शिक्षा देने वालों की भी कोई कमी नहीं दिखती। बच्चों के लिये बहुत से खेल और मुखौटे भी। यह देखिये जापानी परिधान में एक भारतीय ढोल। यह किसी महिला मंडल का स्टाल था जिसमें अधिकांश जापानी महिलाओं के साथ यह भारतीय युवती मगन होकर ढोल बजाने में व्यस्त थीं। आगे कुछ और झलकियाँ।
जैसे भारत में धार्मिक-सांस्कृतिक समारोहों में देवी-देवता की रथयात्रा या झांकियाँ निकालने की रीति है वैसे ही जापान में भी पालकी पर किसी मन्दिर के अधिष्ठाता देव की यात्रा निकाली जाती है। यह यात्रा जापानी उत्सवों का एक अभिन्न अंग है। इस पालकी को मिकोशी कहते हैं। बॉस्टन का यह जापानी वसंतोत्सव भी मिकोशी के बिना कैसे सम्पन्न होता। सो यहाँ भी एक मिकोशी सजाई गयी और फिर शाम को उसकी यात्रा निकाली गयी।
जाने कहाँ से आ रही थी इतनी भीड़। कार्यक्रम शुरू होने के दो घंटे बाद भी लोग कम होने के बजाय बढते ही जा रहे थे। कुछ ही देर में भोजन समाप्त हो गया। जापान एयर लाइंस वाले तोक्यो तक के मुफ़्त टिकट के लिये रैफ़ल निकाल रहे थे, न जाने कितने लोग उसके लिये भी किस्मत आज़माने में लगे थे।  स्टेज पर इस समय जापानी ड्रम ताइको वादन का प्रदर्शन शुरू होने वाला है जिसके लिये मैं विशेषतौर पर यहाँ आया था। आप मेला देखिये मैं तब तक ताइको  पर यागीबुशी का आनन्द लेता हूँ।
विशालकाय ढोलों पर गज़ब का अधिकार प्रदर्शित करती हुई छोटी लड़कियाँ। मधुर स्वरलहरी के साथ-साथ हमारे डांडिया का अहसास कराती नृत्य गतियाँ भी। बीच-बीच में जापानी में कुछ उद्घोष सा भी जो सुनने में सॉरे जैसा लगता है। उस समय अपने जापानी मित्रों से पूछने का याद नहीं रहा। बाद में कभी पूछकर सही शब्द लिख दूंगा।  लेकिन उस सबके बारे में फिर कभी। अभी तो आपके लिये एक चित्र और है ...

यह हैं इस समारोह के सबसे आकर्षक व्यक्ति का खिताब जीतने वाली प्यारी सी गुड़िया। जय हो!


अब देखिये एक झलकी जापानी ढोलवाद्य की। यह क्लिप यूट्यूब से ली है, जापान के नरिता में हुए एक प्रदर्शन से

* सम्बन्धित कड़ियाँ *
* इस्पात नगरी से - श्रृंखला
* झलकियाँ जापान की - श्रृंखला

28 comments:

  1. सांस्कृतिक विविधता और परस्पर सहिष्णुता ही उन्नति का सबल आधार है, ऐसे उत्सव आत्मीयता को और उत्प्ररित करते हैं।

    ReplyDelete
  2. जापान और अमेरिका अपनी संस्कृतियों के प्रति सचेत होते हुए आर्थिक-क्षेत्र में भी अग्रणी हैं.किसी भी देश का विकास सबको साथ लेकर चलने और सम्मान देने में है.यहाँ हमने अपनी अवनति की है.पहले कभी हम भी शीर्ष पर थे !

    ReplyDelete
  3. सामाजिक संबधों को जीवंत बनाते ये उत्सव , मानवीय व्यवहार को बेहतरी की ओर ले जाते है..... सभी चित्र मनोहारी है....

    ReplyDelete
  4. सचमुच बसंत और पतझड़ थोड़ी देर ठहर कर फुर्सत से देखे-समझे जाने की चीज हैं, इससे जीवन के उतार-चढ़ाव को समझना आसान हो जाता है।

    ReplyDelete
  5. इतनी तस्वीरें और विडियो और इतना सुन्दर आलेख :)

    ReplyDelete
  6. आपकी उत्कृष्ट प्रस्तुति
    बुधवारीय चर्चा-मंच पर |

    charchamanch.blogspot.com

    ReplyDelete
    Replies
    1. रविकर जी, इस आलेख को चर्चा मंच पर रखने के लिए आभार!

      Delete
  7. उत्सव जीवन में उत्साह भरते हैं...
    सुन्दर प्रस्तुति.

    ReplyDelete
  8. आनन्दम... आनन्दम....
    अमेरिका पुरानाभारत हो रहा है और भारत ? ....वैचारिक-सांस्कृतिक सहिष्णुता से उन्नति और हर्ष के मार्ग खुलते हैं। अब हमें अमेरिका से वह सीखना होगा जो कभी लोग भारत से सीखते थे। अमेरिका का वसंत मेला ..वह भी जापानी स्टाइल में ....आनन्दम ही आनन्दम ....। लगता है यायावरी में माहिर हो गये हैं अनुज।

    ReplyDelete
  9. जापानी संस्कृति भी हमारी तरह प्राचीन है.... सुंदर आलेख.

    ReplyDelete
  10. बहुत सुन्दर तस्वीर हैं | वसंत सबका मन मोह लेता है और सामाजिक उत्सव हमारे संबधों को मजबूत करते हैं|

    ReplyDelete
  11. मनोहारी है सबकुछ.

    ReplyDelete
  12. अमेरिका में जापानी मेला और मेले में विश्व भर के लोग ! पारस्परिक सौहार्द का अच्छा उदाहरण .

    ReplyDelete
  13. ये बैठ के, ठहर के तसल्ली से जुगाली करते हुए पढने की पोस्ट है।
    सुख देते मनभावन चित्र और उनका वर्णन।
    आभार आपका, जो इन्हें साझा किया।

    ReplyDelete
  14. मौसमी फूलों से सन्देश लेकर कि "ज़िंदगी फूलों की नहीं/फूलों की तरह मंहकी रहे",फूल से बच्चों के बाद एक अलग राष्ट्र में एक तीसरे राष्ट्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को समेटना और हमारे साथ साझा करना, बस आप ही के बस की बात है!!
    बहुत ही रोचक और जानकारीपूर्ण!!

    ReplyDelete
  15. प्राचीन भारत और आधुनिक अमेरिका इस बात के सशक्त उदाहरण हैं कि सहिष्णुता और उदारता किसी राष्ट्र के उत्थान में कितनी आवश्यक है।

    बहुत sahi कहा aapne....

    bada ही achcha laga japani sanskriti के vishay में jankar...

    aabhar आपका...

    ReplyDelete
  16. जापानी संस्कृति भी हमारी तरह प्राचीन उन्नति और हर्ष सहिष्णुता और उदारता को प्ररित करते हैं।

    ReplyDelete
  17. यह पोस्ट अलग हट कर और बहुत अच्छी लगी भाई जी !
    इस प्रकार के उत्सवों की जानकारी आनंदमय है साथ में कलरफुल फोटो जान हैं इस उत्सव के !
    आभार आपका !

    ReplyDelete
  18. र्ंगीली छटा मनमोहक है..

    ReplyDelete
  19. वसंत और पतझड़ के आलोक में संस्कृतियों की वैविध्यातापूर्ण जानकारी ...सिर्फ अपनी संस्कृति पर ही अभिमान ना करते रहन , बल्कि अन्य उन्नत संस्कृतियों के उज्जवल पक्ष को देखना , समझना भी एक कला है !
    रोचक !

    ReplyDelete
  20. संस्कृतियों को लेकर उदार संस्कृति!!
    यही सार्थक विकास का सूत्र है।

    ReplyDelete
  21. अमेरिका में जापान वसंत उत्सव की झलकियाँ बहुत आकर्षक हैं..बहुत आभार इस रोचक पोस्ट के लिये !

    ReplyDelete
  22. costum,tradition,and social realation must be always part of such festival.if it there in real way than we should proud of this part.
    nice post i like it, beautiful pictures. thanks sir.

    ReplyDelete
  23. अमेरिका में रह कर सुदूर देशों के उत्सव देखने को मिल जाते हैं - आनन्दमग्न होने के अपनेअपने ढंग !
    प्रकृति अपने रँग भरे समारोह आयोजित करती है साल में दो बार. -कितना कुछ मिला है ,फिर भी तो इंसान को चैन नहीं पड़ता.

    ReplyDelete
  24. तस्वीरें सभी जानदार हैं, आपके चैरी ब्लोस्सम को काला टीका लगा छोडिये, अपना दिल उस पर कम से कम तीसरी बार आया है:)

    ReplyDelete
  25. आपने तो हमें भी इस उत्‍सव में शरीक कर दिया। आपके परिश्रम को नमन और इस प्रस्‍तुति के लिए धन्‍यवाद।

    ढोल वादन ने आनन्‍द ही ला दिया।

    ReplyDelete
  26. जापान अमेरिका ही नहीं विश्व के कई देश अपने संस्कृत और रीति रिवाजों कों बचा के रखने के प्रयासों में रत हैं ... आपके द्वारा लाजवाब चित्रों और शब्दों के माध्यम से हम भी शामिल हो जाते हैं ऐसे समारोहों में ...

    ReplyDelete

मॉडरेशन की छन्नी में केवल बुरा इरादा अटकेगा। बाकी सब जस का तस! अपवाद की स्थिति में प्रकाशन से पहले टिप्पणीकार से मंत्रणा करने का यथासम्भव प्रयास अवश्य किया जाएगा।