Showing posts with label चिंतन. Show all posts
Showing posts with label चिंतन. Show all posts

Friday, June 28, 2019

ब्राह्मण कौन? - भाग 3

1. मूल प्रश्न जटिल है, उत्तर भी सरल नहीं। यह सही लगता है कि ब्राह्मण और शूद्र दोनों ही बाद की बातें हैं लेकिन प्रकृति में बल, कौशल से पहले है। वर्णाश्रम व्यवस्था से बाहर के समाज देखें तो आज के सभ्य समाज में वे मुख्यतः व्यवसायी हैं, और व्यवसायी बनने से पहले ही योद्धा थे और आज वणिकवृत्ति करते हुये भी वैश्य से अधिक योद्धा ही हैं। यूरोप की विभिन्न ईस्ट इंडिया कम्पनियाँ हों, भारतीय क्षेत्र के राजवंशों के संघर्ष हों, या देवासुर संग्राम जैसे आख्यान, ये सभी उदाहरण आत्मरक्षा से आगे जाकर, आक्रामकता और पराक्रम को नैसर्गिक गुण दर्शाते हैं। गौतम का बुद्ध हो जाना वास्तव में मानव और समाज, दोनों के विकास की प्रक्रिया का अगला चरण है।

2. शक्ति के अनेक रूप हैं, ज्ञान भी एक बड़ी शक्ति है। अविकसित समाज में राजा का शक्तिशाली होना स्वाभाविक है, बल्कि वहाँ शक्ति ही नेतृत्व प्रदाता है। जिस ईख, या गन्ने के लिये गिरमिटिया, फ़ीजी, मॉरिशस से लेकर वेस्ट इंडीज़ तक ले जाये गये उसका ज्ञान सैकड़ों वर्षों तक ईक्ष्वाकुओं का पेटेंट रहा हो यह स्वाभाविक है। वर्ण-व्यवस्था से पहले का राजा ब्रह्म-क्षत्रिय है। उसमें ये दोनों वर्ण हैं, बल्कि कुछ सीमा तक चारों वर्ण समाहित हैं। उसके विश्वस्त भी किसी भी अन्य अविकसित/विकासशील समाज की तरह योद्धा अधिक हैं, वैश्य कम। वैश्यवृत्ति विकास का उपादान भी है, और उत्पाद भी। ब्राह्मण व शूद्र वृत्तियाँ किसी भी अविकसित समाज में अनुपस्थित है। वे दोनों ही विकसित समाजों का नवोन्मेष हैं, और उनकी आवश्यकता भी।
विकास का नैसर्गिक क्रम: क्षत्रिय → वैश्य → शूद्र → ब्राह्मण
3. भारतीय समाज और वर्णाश्रम व्यवस्था के अहिंसा सहित अनेक अद्वितीय/अपूर्व धर्म/लक्षण हैं - ऐसे सारे लक्षण ब्राह्मणत्व का उदय भी दर्शाते हैं, और उसका आधार भी बने हैं। यह धर्म, ये लक्षण ही भारतीय संस्कृति को पश्चिम से, बल्कि सारे संसार से अलग खड़ा करते हैं। ब्राह्मणत्व का सिद्धांत भारतीय संस्कृति का वह बिंदु है जो अन्य किसी भी संस्कृति में नहीं है। दान देना और दान लेना, विशेषकर ब्रह्मदान, जनकल्याण के लिये ज्ञान का विस्तार, पुर के हित के लिये पौरोहित्य, और निरंकुश शासक के लिये संघर्ष का परशु, बनना। सिद्धांततः ब्राह्मणत्व विनम्रता की मूर्ति होते हुये भी भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का अडिग आधार है।

4. अहिंसा तो फिर भी आचरण की बात थी, ज्ञान को राजा की बपौती से बाहर निकालकर गुरुकुलों द्वारा, ब्रह्मविद्या द्वारा, वेदों-उपवेदों द्वारा पब्लिक डोमेन में लाने का कार्य करने वाले ब्राह्मण हुये। वे राजाओं में से भी आये होंगे, क्षत्रियों, वैश्यों, और शूद्रों में से भी। बेशक जो पीढ़ी ब्राह्मण हो चुकी है, उसकी संतति का ब्राह्मण होना सरल है। जो परिवार 5,000 वर्षों से शाकाहारी हैं, उनके बच्चों के शाकाहारी होने में कोई चमत्कार नहीं, लेकिन अन्यों का ब्राह्मणत्व उपार्जित है, जिसे सरल करने का कार्य वर्णाश्रम व्यवस्था ने किया। वर्णाश्रम व्यवस्था की स्थापना के बाद राजा और मंत्रिमण्डल राजपुरोहित के नेतृत्व में राज्य के हित के लिये मिलकर काम करने लगे लेकिन उससे पहले का काल निश्चित रूप से इन दो संस्थाओं के संघर्ष का भी गवाह रहा है।

5. क्षत्रियत्व मानवों सहित असुरों में भी जन्मजात है, और देवों में भी। ब्राह्मणत्व केवल मानवों में उपस्थित है। लेकिन ध्यान रखने की बात यह है कि ब्राह्मण मानव होते हुये भी देव हो गये हैं। क्यों के उत्तर की खोज हमें ब्राह्मणत्व के दो मूल लक्षणों परमार्थ (स्वार्थ नहीं), तथा दान (लेना भी, देना भी - समन्वय, विकास,  और विस्तार ) की ओर इंगित करती है। याद रहे, दान देवता की मूल प्रवृत्ति है।

6. जंगल प्राकृतिक हैं लेकिन कृषि नैसर्गिक नहीं। हज़ारों वर्ष पहले के भारत की बात छोड़ भी दें तो कुछ सौ साल पहले के - अमेरिका पहुँचे यूरोपीय 'पिलग्रिम' भूखे मरने को थे क्योंकि उन्हें कृषि का कख भी नहीं आता था। व्यवसाय कृषि के विकास से हज़ारों साल पहले भी होता रहा है। अरब और यूरोप के व्यापारी प्राचीन काल से भारत के साथ व्यापार करते रहे हैं, जबकि कृषि के मामले में वे निरक्षर थे। समस्त भारत में कृषि और गौपालन की स्वीकार्यता, उसका ज्ञान, और विस्तार ब्राह्मणों की ही देन है। कृषि और शाकाहार का सामान्य ज्ञान हमें आज वैसा ही सरल और स्वाभाविक लगता है, जैसा मेरे बच्चों का अमेरिका में रहते हुये भी शाकाहारी होना, लेकिन है नहीं। इसके पीछे सहस्रों वर्षों का तप और त्याग है। वेदों को बार बार चोरों के मुँह में हाथ डालकर निकाला गया है ताकि समाज का कल्याण हो। गौदान के द्वारा गौसंवर्धन, दूध, दही, मक्खन, खीर, घी आदि के प्रयोग द्वारा पोषण, गौ को माँ का स्थान देकर भारतीय समाज में इतना सहज बना दिया गया जैसा संसार में और कहीं नहीं हुआ।

7. वर्ण और विशेषकर वर्ण-संकर भारतीय संस्कृति के सर्वाधिक ग़लत समझे गये शब्द हैं। ग्रंथों में जहाँ भी वर्ण-संकर शब्द का प्रयोग हुआ है उसे जाति-संकर कहना न केवल एक भूल है बल्कि महा-अज्ञान है। ऐसा अनर्थ करने वाले यदि शंकराचार्य के पद पर भी बैठे हों तो भी वे भारतीय संस्कृति की आत्मा से दूर हैं। सामान्यजन तो खैर संसार भर में कुछ हद तक जातिवादी होते हैं, और अपने परिवार, वंश, जाति, या राष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ मानना कोई नई या अस्वाभाविक बात नहीं है। वर्ण इस जातिगत श्रेष्ठता की काट भी बने और व्यक्ति और समाज के विकास का साधन भी।

7. ब्राह्मणत्व के अनेक कर्तव्यों में से एक दान लेना और दान देना भी है। अपने को अयाचक मानकर, ब्राह्मणों को याचक या हीन कहना निश्चित रूप से एक अब्राह्मण प्रवृत्ति है। अनेक जन्मना ब्राह्मण भी संसार की देखादेखी आजकल परशु को ज्ञान से अधिक महत्त्वपूर्ण मानते दिखते हैं लेकिन तथ्य यही है कि सत्यनिष्ठा और विनम्रता ब्राह्मणत्व के मूलभूत गुण हैं, और इस बात को न समझने वालों का ब्राह्मणत्व नाममात्र का ही है।

8. किसी को ब्राह्मण कहने का आधार उसके माता पिता का ब्राह्मण होना भी मात्र उतना ही है जितना किसी के क्षत्रिय, वैश्य, सिख, ईसाई, जैन, तुरक, या किसी अन्य वर्ण, जाति, या मज़हब का होना। न उससे तनिक भी कम, न अधिक। लेकिन एक तथ्य यह भी है कि वर्णाश्रम व्यवस्था के अधोपतन के इस काल में भी भारत में सर्वाधिक अंतरजातीय विवाह ब्राह्मणों में ही मिलेंगे जो इस बात का द्योतक है कि ब्राह्मण जाति के बंधन में उतने नहीं फँसे हुये जितने अन्य समुदाय। वर्ण जन्मना नहीं, जाति नहीं, बल्कि जातिवाद के विरुद्ध क्रांति के प्रतीक हैं, वे जन्मना अहंकार का प्रतिरोध हैं।

... अभी के लिये इतना ही, शेष फिर ...

सम्बंधित कड़ी: ब्राह्मण कौन? भाग 1

Sunday, June 16, 2019

ब्राह्मण कौन 2 (उपजातियाँ, गोत्र, प्रवर, और घर)

रेखाचित्र: अनुराग शर्मा
जीवन में अब तक दो बार मेरी जाति पूछी गयी है, दोनों बार ही अमेरिका में, अभारतीय समुदाय के, ईसाई मतावलम्बी व्यक्तियों द्वारा। भारत में जाति के आधार पर मेरे साथ भेदभाव भी हुए हैं, और अपमानित करने के प्रयास भी, लेकिन जाति शायद मेरे नाम या माथे पर पहले ही दिखती रही सो उसके बारे में कोई सीधा प्रश्न कभी नहीं किया गया। हाँ, छ्द्मरूपों में वे प्रश्न लगातार किये जाते रहे हैं। इसके अतिरिक्त भारतीय संस्कृति के विरोध में कई बार अनेक मिथ्या कथनों को सार्वभौमिक सत्य की तरह प्रस्तुत किये जाते भी देखता हूँ। यही प्रवृत्तियाँ इस लेख का कारक बनीं। इसमें मेरा कुछ नहीं है - परम्परा को जैसा देखा, समझा सामने है, ताकि आप भी सत्य-असत्य में भेद कर अपना निर्णय आप कर सकें। यह लेख वृहद और विविध भारतीय परम्परा को ध्यान में रखते मुख्यतः रुहेलखण्ड क्षेत्र की साढ़े-तीन घर की सनाढ़्य परम्परा को आधार मानकर लिखा गया है। सम्भव है भविष्य के किसी लेख में अन्य समूहों, वर्गों आदि की प्रामाणिक जानकारी भी दी जाये।

भारत में ही नहीं, कबीले और जातियाँ संसार भर में पाये जाते रहे हैं। कोई समूह अपने रंग के आधार पर खुद को श्रेष्ठ मानता था, कोई अपनी क्रूरता के आधार पर, तो कोई अपनी समृद्धि के आधार पर। अपने जैसे समूह में मिलना, और स्वयं को अपने से भिन्न लगने वालों से श्रेष्ठ समझना कुछ हद तक स्वाभाविक प्रवृत्ति है।

प्राचीन भारतीय समाज और संस्कृति कई मायनों में क्रांतिकारी रही है। भारतीय समाज के अनूठे विचारों में से एक वर्णाश्रम व्यवस्था भी थी। जन्मजात श्रेष्ठता की  विश्वव्यापीधारणाओं को नकारकर, जाति के बजाय कर्म और शालीनता को महत्व देना वर्ण व्यवस्था का आधार है।

पितृसत्ता तो संसार भर में सामान्य थी, केरल के नायर समुदाय में मातृकुल आज भी मान्य है। लेकिन भारतीय संस्कृति ने जन्म या रक्त के सम्बंध से कहीं ऊपर उठकर गोत्र द्वारा गुरुकुल से जुड़ने जैसी अपूर्व धारणा की नींव रखी। शास्त्रीय परम्परानुसार, भगवान राम का वंश इक्ष्वाकु, कुल रघुकुल, परंतु गोत्र वसिष्ठ है। किसी भी गुरुकुल के शिष्यों का गोत्र सामान्यतः उस गुरुकुल के संस्थापक के नाम पर होता था और सगोत्रियों को सगे-सम्बंधियों की तरह माना जाता था। इसी कारण उनमें विवाह सम्बन्ध प्रतिबंधित थे। अंतर्गोत्रीय विवाह दो भिन्न गुरुकुलों के बीच सेतु बनकर ज्ञान के आदान-प्रदान का कार्य भी करते थे। जब सारा संसार लगभग जंगली जीवन जीता था तब इतने बड़े देश को दुग्ध और शाकाहार आधारित स्वस्थ पोषण जैसी जानकारी, दशमलव गणित, और खगोलशास्त्र जैसे विज्ञान, शर्करा जैसा बहूपयोगी उत्पाद, हीरक-खनन जैसा अद्वितीय और अपूर्व कार्य, जातिवादी अहंकार और फ़िरकापरस्ती की जगह कर्म-आधारित वर्णाश्रम व्यवस्था जैसे सिद्धांत देने में गोत्र व्यवस्था का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है।

मूल गोत्र सप्तर्षियों के नाम पर रहे। बाद के ऋषि सामान्यतः प्रवर के रूप में मान्य हुये लेकिन सम्भव है कि कुछ क्षेत्रों में वे गोत्र-प्रवर्त्तक भी मान लिये गये हों। गोत्रों के कुछ सामान्य उदाहरण पराशर, वसिष्ठ, भरद्वाज, कश्यप आदि हैं। कहीं पढ़ा था कि काशी में 47 गोत्र ऋषियों के मंदिर ज्ञात हैं। काशी में और अन्यत्र ऐसे अधिक मंदिर भी हो सकते हैं, लेकिन मुझे उसकी जानकारी नहीं है।

गोत्र का उपसमूह है प्रवर। कई प्रवरों का एक गोत्र होता है, एक गोत्र में कई प्रवर हो सकते हैं। प्रवर गोत्र के प्रवर्तक मूल ऋषि के बाद में आने वाले ऋषियों की ओर संकेत करते हैं। प्रवर उन ऋषियों के नाम पर बने हैं जिन्होंने मूल गोत्र-प्रवर्त्तक ऋषि की मान्यताओं का प्रसार किया। एक गोत्र में प्रवर कितने भी हो सकते हैं, नहीं भी होते हैं। जिन गोत्रों में आगे कोई अन्य प्रवर्त्तक ऋषि नहीं हुआ वहाँ प्रवर नहीं है। सनाढ्य ब्राह्मण समुदाय के साढे-तीन घर का अर्द्ध भाग (साढ़े) इन्हीं प्रवरहीन गोत्रों का प्रतीक है।

गोत्र से इतर एक अन्य विभाजन क्षेत्र का भी है। सागरतट से दूर उत्तरभारतीय ब्राह्मण गौड़ तथा तटीय क्षेत्र के ब्राह्मण द्रविड़ कहलाये। द्रविड़ का उद्भव द्रव से हो सकता है, जिससे उनके तटीय क्षेत्रों में निवास के साथ-साथ समृद्धि का संकेत भी मिलता है। जातिवादी गोरे शासकों द्वारा आर्यन रेस तथा आर्य-द्रविड़ संघर्ष जैसी मिथ्या मान्यताओं की स्थापना उनकी अपनी स्वार्थसिद्धि के पथ में स्वाभाविक होते हुये भी पूर्णतः निराधार है।

गौड़ क्षेत्र के ब्राह्मणों को गौड़, सारस्वत, कान्यकुब्ज, मैथिल, उत्कल, सरयूपारीण, गुर्जर, देशस्थ, कोंकणस्थ आदि अनेक वर्गों में विभक्त किया जा सकता है। इसी प्रकार द्रविड़ ब्राह्मणों को तैलंग, अय्यर, अयंगार, नम्बूदरी, आदि अनेक खण्डों में विभक्त किया जा सकता है। लेकिन इनके अतिरिक्त सनाढ्य जैसे कुछ समूह आज भी क्षेत्रीय नाम से मुक्त हैं। कश्मीरी ब्राह्मण जैसे कुछ क्षेत्रीय नाम बाद में बने हुये भी लगते हैं।

जाति व्यवस्था के विपरीत वर्ण व्यवस्था कर्म पर आधारित थी लेकिन कालांतर में वह भी लगभग जाति की समरूप ही हो गयी। विवाह सम्बंध के मामलों में अधिकांश समूह अन्य समूहों से अलग होते गये। चीन-जापान आदि अनेक देशों में कुलनाम बदलना आज भी कानून के विरुद्ध है लेकिन भारत में कुलनामों के विषय में कोई कानून न होना अपने समूह के बाहर के अपरिचितों के वास्तविक वर्ण, परम्परा, खानपान, शुचिता आदि के प्रति अविश्वास का कारण भी बना और अपनी-अपनी परम्पराओं को बाह्य आक्रमणों से बचाये-बनाये रखने का एकमात्र साधन भी।

सात्विक भोजन (प्याज़-लहसुन आदि गंधक-वनस्पति रहित शाकाहार व दुग्ध उत्पाद मात्र) के प्रति सनाढ्य ब्राह्मणों का अटूट आग्रह कुछ अन्य ब्राह्मण समूहों विशेषकर कान्यकुब्ज समूह से उनके अलगाव का कारण बना। गोत्र-प्रवर के वर्गीकरण के अनुसार सनाढ्य ब्राह्मण समुदाय स्वयं भी दो उपवर्गों दसघर और साढ़े-तीन घर में बँट गया। जहाँ दसघर कुल 10 गोत्रों का समूह था वहीं साढ़े तीन घर में दो प्रकार के गोत्र थे, पहले वे जिनके हर गोत्र में तीन अल्ल (शासन, प्रवर या कुलनाम) हैं, और दूसरे वे जिनमें कोई प्रवर नहीं। तीन प्रवर वाले गोत्रों का एक उदाहरण पाराशर गोत्र है जिसमें तीन कुलनाम पाण्डेय, पाराशरी, व त्रिगुणायत पाये जाते हैं तथा एकल-प्रवर वाले गोत्र का उदाहरण च्यवन है जिनका कुलनाम कष्टहा (तद्भव कटिहा) है। सांख्यधर (तद्भव शंखधार) कुलनाम भी भी साढ़े-तीन घर के सनाढ्यों के एकल-प्रवर कुल का एक उदाहरण है। साढ़े-तीन घर में प्रयुक्त अर्थ इन्हीं एकल-प्रवर कुलों के प्रतीक हैं।

गोत्र के सामान्य नियमों के अनुसार दसघर के गोत्र एक-दूसरे में विवाह सम्बंध बनाते रहे हैं। परम्परानुसार उनकी कन्याओं का विवाह साढ़े-तीन घर के वरों के साथ हो सकता था, यद्यपि उसके विलोम से सामान्यतः बचा जाता था, लेकिन पूर्ण मनाही जैसी स्थिति नहीं थी। हाँ ये दोनों ही वर्ग अन्य ब्राह्मण या अब्राह्मण समूहों में विवाह नहीं करते थे। मुख्य बाधा खानपान की पवित्रता की अवधारणा ही थी। स्नान के बिना या चप्पल आदि पहनकर रसोई में प्रवेश प्रतिबंधित था। दिन का भोजन कच्चा अर्थात, दाल, भात, रोटी, रायता, सलाद आदि होता था जबकि शाम का भोजन पक्का अर्थात पूरी, पराँठे, सब्ज़ी (तली हुई) आदि होते थे। इनके सामान्य व्यवसायों में कथावाचन, वैद्यकी, ज्योतिष, व पौरोहित्य भी थे। पौरोहित्य व्यवसाय के कारण इनका खानपान सभी हिंदू जातियों में होता था। लेकिन उसमें पका खाना और कच्चा खाना के नियम थे जिसके अनुसार दाल, चावल, रोटी आदि जैसे बिना-तले पदार्थ घर से बाहर के पके नहीं खाये जाते थे। पवित्रता का ध्यान रखते हुए फलाहार, तथा पक्का खाना आवश्यकतानुसार बाहर की रसोई का भी खाया जा सकता था। इनके हाथ के बनाये हुए कच्चे भोजन सहित सभी सामग्री सभी जातियों और धर्मों में भोज्यपदार्थ के लिये समान रूप से विश्वसनीय और स्वीकार्य थी। शायद इसी कारण यह समुदाय भोजन, मिष्ठान्न आदि के व्यवसाय से भी जुड़ा रहा है। खाना पकाने वाले कर्मी को महाराज कहने का रिवाज़ भी इनके इस व्यवसाय से ही आया है क्योंकि इस समुदाय के व्यक्तियों को आदर से 'पण्डित जी महाराज', पण्डितजी, या महाराज कहने की प्रथा है। इसीलिये कुछ क्षेत्रों में रसोइये को ही महाराज कहा जाने लगा।

नमस्कार के लिये सामान्यतः पण्डित जी पालागन या दण्डवत महाराज जैसे सम्बोधन सामान्य थे। मुझे याद है कि बरेली में मेरे मुस्लिम अध्यापक भी मुझे पण्डित जी महाराज कहकर ही बुलाते थे।

अधिकांश सनाढ्य अपने नाम में अपनी अल्ल/अल्ह (कुलनाम) का प्रयोग करते हैं, कुछ सामान्य ब्राह्मण नाम 'शर्मा' का भी प्रयोग करते हैं और कोई-कोई अपने गोत्र का। उपराष्ट्रपति गोपाल स्वरूप पाठक, मुख्य न्यायाधीश रामस्वरूप पाठक, केंद्रीय विद्यालय संगठन के मुख्य आयुक्त श्री रमेश चंद्र शर्मा आदि इस समुदाय के ही हैं। कुछ कुलनामों का प्रयोग इसलिये नहीं किया जाता था क्योंकि वे अन्य समुदायों के कुछ अन्य कुलनामों से मिलते-जुलते होने के कारण सुनने वाले को भ्रमित कर सकते थे। उदाहरण के लिये सनाढ्य शब्द को ही कुलनाम में प्रयुक्त नहीं किया जाता था क्योंकि वह अब्राह्मण जाति सनौढ़िया से भ्रमित कर सकता था। इसी प्रकार कष्टहा, या कटिहा कुलनाम वाले सामान्यतः शर्मा लिखते थे ताकि उन्हें कट्ट्या महाब्राह्मण न समझ लिया जाये। ज्ञातव्य है कि महाब्राह्मण हिंदुओं का अंतिम संस्कार कराने वाले ब्राह्मण वर्ग के लिये रूढ़ नाम है जो श्मशान में अंतिम संस्कार कराने के कारण सामान्य पूजा-पाठ से अलग हो गये थे, और सामान्य व्यवहार में लगभग अब्राह्मण जैसे ही समझे जाने लगे थे। सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक स्थिति में भी कट्ट्या समुदाय देश के सर्वाधिक पिछड़े वर्गों में से एक और दलितों में भी अति-दलित जैसे हैं। आर वी रसैल (R. V. Russell) ने भी अपने अज्ञान के कारण ही 'The Tribes and Castes of the Central Provinces of India - Volume II' में जब साढ़े-तीन घर के सनाढ्यों को एक बार महाब्राह्मणों में विवाहित (*Further, it is said that the Three-and-a-half group were once made to intermarry with the degraded Kataha or Maha-Brahmans, who are funeral priests.) बताया है तो उसका कारण कष्टहा तथा कट्ट्या को समान समझने का भ्रम ही है।
सनेन तपसा वेदेन च सना निरंतरमाढ्य: पूर्ण सनाढ्य:
साढ़े-तीन घर के कई कुलनाम दसघर के कुलनामों के समान होते हुए भी अलग हैं। इसी प्रकार दसघर के अधिकांश कुलनाम कान्यकुब्ज या गौड़ ब्राह्मणों के समान होते हुए भी वास्तव में उनसे भिन्न हैं। महाराष्ट्र से नेपाल तक पाया जाने वाला पाण्डेय कुलनाम अलग-अलग क्षेत्र में अलग-अलग ब्राह्मण समूहों का प्रतिनिधित्व करता है। सनाढ्यों के मिश्र में ही भेद (सरैय के मिसर, या कटैय्या के मिसर) हैं। इसी प्रकार साढ़े-तीन घर के पाठक दसघर के पाठकों से भिन्न हैं।

सनाढ्यों में प्रचलित कुछ कुलनाम
साढ़े-तीन घर: मिश्र (गोत्र: कश्यप), पाठक (गोत्र: कश्यप), पाण्डेय (गोत्र: पाराशर), कटिहा (गोत्र: च्यवन), पाराशरी (गोत्र: पाराशर), त्रिगुणायत (गोत्र: पाराशर), शंखधार (गोत्र: अगस्त्य),
दसघर: मिश्र, पाठक (गोत्र: भरद्वाज), उपाध्याय, चतुर्वेदी


विषय विस्तृत है, इस पर प्रकाशित प्रामाणिक जानकारी का अभाव है। अधिकांश उपलब्ध जानकारी अपने-अपने क्षेत्र या कुल को औरों से श्रेष्ठ बताने के पूर्वाग्रह से युक्त, तथ्यहीन, और असत्य है। अंतर्जाल पर उपलब्ध जानकारी में अनेक ऊलजलूल कहानियाँ कट-पेस्ट करके दोहरायी गयी हैं। इसके अतिरिक्त नई पीढ़ी के बच्चे अपने गोत्र-प्रवर-समूह आदि की जानकारी से वंचित भी हैं। इस आलेख का उद्देश्य लुप्त हो रही जानकारी को लिपिबद्ध करना है। लेखक का विश्वास किसी भी जाति को उच्च या निम्न न मानते हुये प्राणिमात्र की उन्नति की भारतीय अवधारणा में है।

सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः, सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चिद् दुःख भाग्भवेत्।



Friday, September 22, 2017

प्रेम का धन

प्रेमधन

प्रेम भी एक प्रकार का धन ही है। बल्कि सच कहूँ तो इसका व्यवहार वित्त जैसा ही है। किसी के पास प्रेम की भावना का बाहुल्य है, और किसी के पास रत्ती भर भी प्रेम नहीं होता। अधिकांश लोग इन दोनों स्थितियों के बीच में कहीं खड़े, बैठे, या पड़े होते हैं। जिस प्रकार हर निर्धन भिखारी नहीं होता, उसी प्रकार अधिकांश प्रेमहीन लोग भी समुचित चिंतन, प्रयास, श्रम, और भाग्य से गुज़ारे भर का प्रेम कमा ही लेते हैं। और जिस प्रकार लोग धन देकर अपनी भौतिक ज़रूरतें पूरी करते हैं,  उसी प्रकार प्रेम देकर अपनी मानसिक आवश्यकताओं की आपूर्ति करते हैं। प्रेम एक भावनात्मक धन है और आपके भावनात्मक जीवन में इसका योगदान महत्वपूर्ण है। आइये, कुछ उदाहरणों के साथ समझें प्रेम के वित्त-सरीखे व्यवहार को।

प्रेम और अधिकार

ध्यान रहे कि अधिकार की भावना प्रेम नहीं होती। सच पूछिये तो ममत्व की भावना भी कुछ सीमा तक प्रेम नहीं है। उदाहरण के लिये, जो माता-पिता अपने बच्चों की शादी उनकी इच्छा के विरुद्ध जाकर, अपनी मर्ज़ी से करना चाहते हैं, वे बच्चों पर अपनी सम्पत्ति की तरह अधिकार तो मानते हैं, लेकिन उस भावना को प्रेम नहीं कहा जा सकता। प्रेम में प्रसन्नता तो है, लेकिन वह प्रसन्नता दूसरे की प्रसन्नता में निहित है। यदि आप किसी से प्रेम करते हैं तो आप उसे प्रसन्न देखना चाहते हैं। और उसकी प्रसन्नता के लिये आप कुछ भी करने को तैयार रहेंगे। सामान्य सम्बंधों में प्रेम और अधिकार की भावनाएँ एक साथ भी न्यूनाधिक मात्रा में पायी जाती हैं।

प्रेम धनाढ्य या कंगाल

जिसके पास पैसा नहीं है, वह सामान्यतः उसे खर्च नहीं कर सकता। ठीक उसी तरह जिसके पास संतोषजनक प्रेमभावना नहीं है, वह दूसरों को प्रेम नहीं दे पाता है। यदि आपके मन में यह भावना घर कर जाये कि आपको समुचित प्यार नहीं मिला तो आप किसी अन्य व्यक्ति को प्यार नहीं दे पायेंगे। प्यार कुढ़ते हुए नहीं होता, न बदले की भावना से ही किसी से प्यार किया जा सकता है। प्रेममय समाज, प्रेममय परिवार, और प्रेममय व्यक्ति किसी धनाढ्य समाज, परिवार या व्यक्ति के जैसे ही प्रेमधन को देने में सक्षम हैं। लेकिन दुर्भावना से ग्रस्त व्यक्ति किसी को प्रेम कैसे कर पायेगा। साथ ही यदि आप अपने को दलित, वंचित, और सताया हुआ ही मान बैठे हैं तो प्रेमधन के नाम पर आपकी थैली में कानी कौड़ी ही मिलेगी। इस स्थिति में आप प्रेम की पाई खर्च नहीं कर पायेंगे।

प्रेम का लेनदेन, उधारी और निवेश 

प्रेम का खाता भी किसी बैंक खाते जैसा ही है। जितनी अधिक राशि जमा है उतनी का ही उपयोग हो सकता है। और यह राशि प्रेम-व्यवहार के आधार पर घट-बढ़ भी सकती है। मेरे दादाजी कहते थे कि 'मिलना-मिलाना, आना-जाना, खाना-खिलाना' आपसी प्रेम बनाये रखने में सहायक सिद्ध होता है।

जिनके साथ आप प्रेम प्रदर्शित करते हैं, यदि वे लगातार आपको दुत्कारते रहें तो उनपर आपके प्रेमधन का खर्च उसकी प्राप्य भावना के मूल्य से अधिक है। ऐसे में एक सामान्य सम्भावना यह है कि आप कुछ समय बाद इस सौदे में लगातार हो रहे घाटे को पहचानकर इस व्यवहार को बंद कर देंगे। रिश्ते की गर्माहट आमतौर पर इसी तरह कम होती है, और अधिकांश मैत्रियाँ अक्सर इसी कारण से टूटती हैं।

एक और सम्भावना यह भी है कि आपके पास इतना पैसा है कि आप किसी सत्कार्य की तरह इस व्यवहार को चलाते रहें। चूंकि स्वार्थ से बचना कठिन है, इसलिये इकतरफ़ा प्रेम को जारी रखने की यह दूसरी सम्भावना सामान्यतः, रक्त सम्बंधों या वैवाहिक सम्बंध से बाहर दुर्लभ ही होती है। इस सम्बंध में मेरा प्रिय कथन है:
इक दाता है इक पाता है, तो हर रिश्ता निभ टिक जाता है

कई बार प्यार में उधारी भी होती है, जब आप किसी की निरंतर बेरुखी के बावज़ूद एक परिवर्तन-बिंदु (threshold point) की आशा में एकतरफ़ा प्यार लुटाते रहते हैं। यदि निर्धारित समय में वह परिवर्तन बिंदु आपकी दृष्टि-सीमा में नहीं दिखता तो आप अपना प्रेम समेटकर दूसरी ओर निकल लेते हैं। कभी-कभी इसका उलटा भी होता है जब परिवर्तन बिंदु न आने की वजह आपके प्रेम के योगदान की कमी होती है, और प्रेम को समुचित मात्रा तक बढ़ाकर अपना वांछित सरलता से पाया जा सकता है।

हर प्रेममय कर्म, प्रेम के खाते में एक जमापर्ची की तरह होता है जो प्रेम की वृद्धि करता है। उसी प्रकार हर द्वेषपूर्ण कर्म उस खाते से थोड़ा सा प्रेम कम करता जाता है। आपसी बेरुखी को दण्ड या सर्विस चार्ज जैसा माना जा सकता है।


प्रेमिल विडम्बना

प्रेमधन से हीन लोग अक्सर इतने आत्मकेंद्रित होते हैं कि प्रेममय व्यवहार या व्यक्ति को देख नहीं पाते। जिस प्रकार आर्थिक व्यवहार में हर शिकायत जायज़ नहीं होती उसी तरह दो व्यक्तियों के रिश्ते में दूसरी ओर से प्रेम न मिलने की शिकायत करने वाला व्यक्ति खुद भी रिश्ते में प्रेम-वंचना का ज़िम्मेदार हो सकता है। नवविवाहितों को मेरी सलाह यही है कि जब भी आप अपने जीवन-साथी की शिकायत किसी तीसरे व्यक्ति से करें तो जीवन-साथी की उपस्थिति में करें ताकि वह सिक्के का दूसरा पक्ष सामने रख सके जिसे देखने से शायद आप वंचित रहे हों।
प्रेमधन की सबसे बड़ी विडम्बना यही है कि कंजूस अक्सर दानवीर की शिकायत लगा रहा होता है।

प्रेम निवेश

जैसे धन का निवेश अच्छा या बुरा परिणाम देता है, ठीक वैसे ही आप जिससे प्यार करते हैं, उसके गुण-दुर्गुण आपकी भावनात्मक उन्नति या पतन के कारक बन सकते हैं। कई बार अंधाधुंध निवेश किसी बुरे निवेश को बचा लेता है। लेकिन सामान्यतः बुरे निवेश में हुए घाटे को बट्टे-खाते में डालकर वहाँ से बच निकलना ही बेहतर उपाय है। इसी प्रकार प्रेम भी सोच-समझकर सही व्यक्ति से कीजिये और ग़लती होने की स्थिति में अपनी हानि को न्यूनतम करने का प्रयास करते हुए बंधन से बाहर आने में ही बुद्धिमता है। ऐसे कई झटके खाने वाले प्रेम-निर्धन का दिवाला पिट जाना एक सामान्य घटना है। लेकिन यह भी सच है कि धन की ही तरह आपके अंतर का प्रेम जितना अधिक होगा, दूसरी ओर से अपेक्षित परिणाम न आने पर भी आपके प्रेम की निरंतरता बने रहने की सम्भावना उतनी ही अधिक है।

निवेश की गुणवत्ता के अलावा उसकी व्यापकता भी वित्त और प्रेम में समान होती है। जिस प्रकार धन सम्पदा की बहुलता के अनुपात में व्यक्ति फेरी लगाने से लेकर वैश्विक संस्थान चलाने तक के विभिन्न स्तरों में से कहीं हो सकता है उसी प्रकार बड़े प्रेम धनाढ्य का निवेश एक व्यक्ति से बढ़कर, एक समूह, समाज या संसार के लिये हो सकता है।

धरोहर बनाम स्व-अर्जित प्रेमभाव

कई परिवार, समुदाय, राष्ट्र या समाज विपन्न होने के कारण उनकी संतति भी विपन्न होती है क्योंकि परिवेश में धन होता ही नहीं। वित्त की कमी, प्राकृतिक धन यथा हरीतिमा, जल, वनस्पति, खनिज आदि की अनुपलब्धता के साथ पुरुषार्थ धन यथा  कृषि, उद्योग, विपणन आदि की कमी के कारण धन विरासत में उपलब्ध नहीं होता। ऐसे समाज में जहाँ बहुतेरे लोग विपन्न ही मर जाते हैं, कोई एकाध अपवाद स्वयम्भू धनाढ्य बनने का आदर्श प्रस्तुत करते हैं। वित्त की यही सामाजिक स्थिति प्रेम के बारे में भी सत्य है। कई समुदायों में क्रोध, हिंसा, शिकायत आदि जैसी प्रेम-निर्धनता किसी विरासत की तरह सर्व-व्याप्त है और वे स्वाभाविक प्रेम की धरोहर से वंचित हैं। उन्हें पता ही नहीं कि प्रेम क्या है और प्रेममय समाज वांछित क्यों है।  ऐसे अभागे समुदाय में प्रेममय बनना कठिन तो है परंतु असम्भव नहीं।

आध्यात्मिक उन्नति के साथ ही प्रेम-धन का विस्तार होता जाता है। हम भारतीयों के लिये प्रेम की हज़ारों वर्ष से निरंतर बनी हुई सामाजिक धरोहर गर्व का विषय है। सर्वे भवंतु सुखिनः, और वसुधैव कुटुम्बकम की स्थितियाँ इस भारत की पारम्परिक विचारधारा की प्रेममय स्थिति में स्वाभाविक हैं।  गीता के अनुसार:
विद्याविनयसपन्ने ब्राह्मणे गवि हस्तिनी, शुनिचैव श्वपाके च पण्डिता: समदर्शिन:

प्रेम में भ्रष्टाचार

जैसे हमारे आस-पास आर्थिक मामलों में भ्रष्ट आचरण या बेईमानी करने वाले दिखते हैं, उसी प्रकार के अनैतिक लोग प्रेम और अन्य भावनात्मक मामलों में भी भ्रष्ट आचरण करते दिख सकते हैं। यह भ्रष्टाचार प्रेम नहीं है, बल्कि अनैतिक रूप से प्रेम या उससे निरूपित भावनात्मक संतोष चुराने का प्रयास है और आर्थिक भ्रष्टाचार की तरह ही ग़लत है। ऐसे आचरण के कई रूप हो सकते हैं। जिस प्रकार किसी वेतनभोगी कर्मी द्वारा अपने कार्य की  ज़िम्मेदारियों का निर्वहन न करना ग़लत है उसी प्रकार जिस सम्बंध में प्रेम की अपेक्षा हो वहाँ प्रेम न रखना भी अपने उत्तरदायित्व को न निभाने के कारण अनैतिक आचरण ही है - रिश्ते में बेईमानी। इसी प्रकार जैसे किसी और का धन अनधिकार उठा लेना अनैतिक है वैसे ही किसी अनिच्छुक या असम्बंधित से प्रेम की अपेक्षा भी ग़लत है। और उसके लिये दवाब डालना वैसा ही ग़लत है जैसे भिक्षा के मुकाबले चोरी, और  चोरी के मुकाबले डकैती। अनैतिकता और अपराध की सीमा कई बार बहुत बारीक होती है इसलिये यह ध्यान रहे कि आर्थिक दुराचार की तरह ही कुछ आचरण आपराधिक रूप में परिभाषित न होते हुए भी अनैतिक हो सकते हैं।

राग, द्वेष, कड़वाहट, असंतोष

असंतोष प्रेम का बड़ा शत्रु है। साथ ही कड़वाहट या द्वेष भी प्रेम का शत्रु है। प्रेम रहे न रहे, जीवन में द्वेष के लिये कोई स्थान नहीं होना चाहिये। आपका ज़ोर अपने जीवन में प्रेम की भावना की उन्नति की ओर रहे तो बहुत अच्छी बात है। विद्याधन की तरह प्रेमधन भी बाँटने से बढ़ता है। प्रेम का आधिक्य आपको भावनात्मक रूप से शक्तिशाली बनाता है। सबसे प्रेम कीजिये और सही प्रत्युत्तर न मिलने पर न्यूट्रल भले हो जायें, द्वेष को पनपने मत दीजिये।

बहुतेरे अनपढ़ बाबा किस्म के लोग राग, द्वेष को एक ही लाठी से हाँकते दिखते हैं। उनके झांसे में मत आइये और यह ध्यान रखिये कि राग और द्वेष में आकाश-पाताल का अंतर है। सुर, ताल, राग, अनुराग सभी सात्विक हैं जबकि द्वेष, ईर्ष्या, घृणा आदि एक अलग ही वर्ग की विकृतियाँ हैं।

भावनात्मक संतुलन

वित्तीय संतुलन की तरह ही आपके जीवन में भावनात्मक संतुलन बनाने में प्रेम, संतोष, सहनशीलता आदि सद्गुणों का अत्यधिक महत्व है। इन्हें बनाये रखिये। भावनात्मक परिपक्वता की सहायता से शांतचित्त रहते हुए अपना जीवन व्यवहार सम्भालिये और प्रसन्न रहिये।

जो होनी थी वह हो के रही, अब अनहोनी का होना क्या
जब किस्मत थी भरपूर मिला, अब प्यार नहीं तो रोना क्या


शुभकामनाएँ!


Sunday, September 10, 2017

अनुरागी मन

नवीं कक्षा में था तो रसायनशास्त्र के प्रवक्ता मु. यामीन अंसारी ने कहा कि छात्र संघ में कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिये नामांकन भर दो। उन्होंने बताया कि उस पद के लिये पात्रता कक्षा 9 तक की ही है। शायद इसीलिये उस दिन अंतिम तिथि होने के बावजूद, तब तक कोई नामांकन नहीं आया था। मुझे राजनीति में जाने की कोई इच्छा वैसे भी नहीं थी। ऊपर से मेरे जैसा शांत व्यक्ति ज़ोर-जबर के नक्कारखाने के लिये शायद ही उपयुक्त होता। तीसरी बात यह भी थी कि नामांकन के लिये दस रुपये शुल्क था, जो उस समय मेरे पास नहीं था। अंसारी साहब शुल्क अपनी जेब से देने को भी तैयार थे परंतु मैं अनिच्छुक ही रहा।

अंतिम तिथि निकल गई। उस वर्ष का छात्रसंघ कनिष्ठ उपाध्यक्ष के बिना ही बना क्योंकि मैंने उस पद पर निर्विरोध चुने जाने का अवसर छोड़ दिया था। अगले वर्ष से छात्रसंघ के चुनावों पर प्रतिबंध लग गया और सभी तत्कालीन पदाधिकारी जोकि 12वीं के ही छात्र थे, परीक्षा पास करके विद्यालय से बाहर चले गये। मैं तीन और साल वहीं था। अंसारी साहब ने एकाध बार मज़ाक में कहा भी कि यदि उस दिन मैंने पर्चा भर दिया होता तो चार साल मैं छात्रसंघ पर एकछत्र राज्य करता।

नवीं कक्षा में ही जीवविज्ञान की प्रयोगशाला में जब ताज़े कटे हुए मेंढ़कों को धड़कते दिल के साथ क्रूरता से एक गड्ढे में फेंके जाते देखा तो सभ्य-समाज में सर्व-स्वीकृत निर्दयता ने दिल को बहुत चोट पहुँचाई। आज शायद सुनने में अजीब लगे लेकिन यह सच है कि उस समय तक मैं यही समझता था कि प्रयोगशाला में डाइसेक्ट किये हुए प्राणियों को सर्जरी द्वारा पहले जैसा स्वस्थ बनाकर वापस प्रकृति में छोड़ दिया जाता होगा। जीवविज्ञान के साथ मानसिक रूप से उसी समय अपना तलाक़ हो गया लेकिन हाईस्कूल तक जैसे-तैसे साथ निभाया और फिर गणित-विज्ञान समूह की दिशा पकड़ी।

तब से अब तक जीवन में कई ऐसे अवसर आये जब मौके हाथ से छूटे, या कहूँ कि छूटने दिये गये। जब किसी को आत्मविश्वास के साथ यह कहते सुनता हूँ कि उसने परिस्थितियों को अपने अनुकूल बनाया तो अच्छा लगता है क्योंकि मैंने शायद इस दिशा में कभी कोई खास श्रम नहीं किया। हाँ, जीवन में जो कुछ सामने आता गया उसके सदुपयोग पर थोड़ा बहुत विचार अवश्य किया। लेकिन वहाँ भी कोई जल्दबाज़ी कभी नहीं की।

एक दफ़ा एक बस यात्रा में जेब कट गई। दो-चार सौ रुपयों के साथ-साथ परिचय-पत्र भी चला गया, जिसकी सामान्यतः आवश्यकता भी नहीं पड़ती थी। वैसे भी परिचयपत्र में चित्र के साथ अपने और संस्थान के नाम के अलावा काम की कोई जानकारी नहीं थी। न कार्यालय का नाम था और न ही पदनाम। दोबारा बनवाने का शुल्क भी लगता था और उसके लिये एक दूसरे कार्यालय में अर्ज़ी देने भी जाना पड़ता, जिसकी काम ने कभी फ़ुर्सत ही नहीं दी, सो टलता रहा।

जब नौकरी छोड़ने की नौबत आई तो नियमानुसार इस्तीफ़े के साथ परिचयपत्र भी जमा कराना था। नया परिचयपत्र बनवाने के लिये अगले सप्ताह का मुहूर्त निकालकर प्रबंधक जी को बता दिया गया। अगले हफ़्ते जब निकलने ही वाले थे तब उस दिन की अंतर-विभागीय डाक आ गई। और डाक में पत्रों के ऊपर ही मेरा परिचयपत्र भी पड़ा हुआ था जिसे कुछ साल पहले किसी जेबकतरे ने कहीं फेंका होगा और किसी भलेमानस ने शायद किसी मेलबॉक्स में डाल दिया होगा जोकि बरसों बाद किसी डाकिये को नज़र आया होगा और एक दफ़्तर से दूसरे में पहुँचते हुए आखिर मेरे पास आ गया।

यह तो एक सरल सा उदाहरण था लेकिन कई उदाहरण तो इतने जटिल संयोग के उदाहरण हैं कि लगता है मानो एक लम्बी परियोजना बनाकर उन्हें गढ़ा गया हो। सौ बात की एक बात यह कि ज़िंदगी अपने साथ बहाकर ले जाती रही लेकिन फिर भी रही अपने प्रति दयालु ही। तरबूज सौ बार छुरों पर गिरा लेकिन हर बार हाथ-पाँव झाड़कर उठ खड़ा हुआ।

पाँच साल की उम्र में एक नहर के तेज़ बहाव में बहकर मर ही जाता लेकिन बचा लिया गया। उसी समय तैरना सीखने का प्रण लिया। सीखने का कोई साधन ही नहीं था। न प्रशिक्षक, न तरण ताल। सो कुछ साल यूँ ही बीतने के बाद, अंततः, बिना पानी के ही तैराकी सीखने का निश्चय किया। जब पहली बार तरण-ताल देखने को मिला तब तक बिना पानी और बिना प्रशिक्षक के कामचलाऊ तैराकी सीख चुका था।

मरने के भी कई मौके आये और सीखने के भी। आलसी जीव, मृत्यु से भी बचकर निकलते रहे और सीखना भी अपने हिसाब से करते गये। हर काम सदा तसल्ली बख्श तो किया मगर किया भरपूर तसल्ली के साथ, बिना किसी जल्दबाज़ी के। बारहवीं के बाद जब सारे मित्र अभियांत्रिकी में जा रहे थे तब मैं उस उम्र में मिल सकने वाली एकमात्र नौकरी के लिये अर्ज़ियाँ भरकर जीवन की शुरुआत करने को तैयार था। अलबत्ता साथ में बेमन से ही सही बीएससी में प्रवेश भी ले लिया था।

बीएससी की फ़ाइनल परीक्षा के दौरान ही जीवन में पहली बार सीरियसली पढ़ाई करने का प्रण ले लिया। तय किया कि एमएससी गणित में की जायेगी। ज़िंदगी में पहली बार ऐसा हुआ कि कक्षा में प्रवेश लेने से पहले ही सारी किताबें खरीदी हों। लेकिन एमएससी में आवेदन से पहले ही नौकरी शुरू करनी पड़ी।

बिल्कुल एक जैसी तीन नौकरियों के लिये एप्लाई किया था। एक का ऑफ़र बहुत बाद में आया। लेकिन जिन दो में पहले बुलाया गया उनमें से दिल्ली वाली का साक्षात्कार देने नहीं गया क्योंकि परिवार की राय घर के पास, यानी रुहेलखण्ड में रहने की थी। परीक्षा परिणाम में प्रदेश के पहले पाँच में नाम था। किसे खबर थी कि उत्तरप्रदेश का बोर्ड ही मुझे दिल्ली पोस्टिंग दे देगा। दिल्ली तो दे नहीं सकते थे मगर उन्होंने नोएडा भेज दिया। केवल एक उस निर्णय के बहाने घर-गाँव, रुहेलखण्ड ऐसा छूटा कि दोबारा वहाँ रहने का सुयोग बना ही नहीं।

 मित्रों से पिछड़ने की बात तो मन में क्या आनी थी, अपने पैरों पर खड़े होने का संतोष अवश्य था। इत्तेफ़ाक़ से उसी समय पिताजी देश भर के दुर्गमतम क्षेत्रों की अपनी ड्यूटी से छुटकारा पाकर सीआरपीएफ़ के दिल्ली स्थित केंद्र झाड़ौदा कलाँ में आये, सो हम भी उनके सरकारी निवास में फ़िट हो लिये। दफ्तर से घर खासा दूर था तो रोज़ाना 6-7 घंटे का कम्यूट होता था। रूट ऐसा था कि बसों में बैठना तो दूर, चढ़ना और उतरना भी आसान न था। एक दिन बहन की सहेलियों ने उसे बताया कि हमारे घर कोई मेहमान आया हुआ है। वह मेहमान मैं ही था क्योंकि मैं घर से इतना बाहर रहता था कि आस-पड़ोस के बहुत से लोगों को घर में मेरे अस्तित्व के बारे में जानकारी ही नहीं थी।

मेरे दिल्ली आने पर एमएससी की गणित की किताबें बदायूँ के तालाबंद घर में रखी रह गईं क्योंकि नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखने के प्रयास में निराशा हाथ लगी। विश्वविद्यालय वालों ने स्नातकोत्तर में प्रवेश इस आधार पर नहीं दिया कि एमएससी न तो प्राइवेट ही हो सकती है और न ही उसके लिये सायंकालीन या सप्ताहांत कक्षा की कोई व्यवस्था है। इस बाधा का कारण पूछने पर विज्ञान के कोर्स में प्रयोगशाला की अनिवार्यता का तर्क दिया गया। गणित में प्रयोगशाला नहीं थी लेकिन अधिकार के आगे तर्क की क्या बिसात। सो जिस ज़माने में तथागत अवतार तुलसी बिना प्रयोगशाला देखे, बिना अनिवार्यता पूरी किये हुए बीएससी और एमएससी की परीक्षा देकर सरकारी खर्चे पर नोबल पुरस्कार विजेताओं से मिलवाने ले जाये जा रहे थे, हमारे रोहिलखण्ड (अब ज्योतिबा फुले) विश्वविद्यालय ने हमें नौकरी के साथ गणित में स्नातकोत्तर करने से मना कर दिया। 6-7 घण्टे के दैनिक कम्यूट, पूरे दिन की नौकरी के अलावा डोमिसाइल सर्टिफ़िकेट आदि के सरकारी जंजालों के कारण हम भी चुप लगाकर बैठ गये। भला हो विदेश-प्रवास का कि यह स्नातकोत्तर भी बाद में पूरा हुआ, यद्यपि हुआ गणित के बिना।

उस बीच में उपेक्षा के कारण टूटते-फ़ूटते पुश्तैनी घर की छत गिरने के बाद जब उसे बेचने के लिये गये तो एमएससी गणित की सभी किताबें बिना छत के कमरे की बिना दरवाज़ों की अलमारी में तला ऊपर रखी थीं। लगभग गली हुई हालत में भी सबसे ऊपर की किताब का मुखपृष्ठ पठनीय था। मानो हँस रहा हो, "ज़िंदगी प्लैन करने चले थे? अब मत करना"

नौएडा से झाड़ौदा तक की उस दैनिक भागदौड़ में बैंक के परिवीक्षाधीन अधिकारी की परीक्षा दी, एक बार फिर पहले पाँच में चुनाव हुआ। देश भर से चुने गये 135 से अधिक अधिकारियों में मैं सबसे कमउम्र था। कुछ वर्ष बाद बैंक ने कम्प्यूटरीकरण की इन-हाउस टीम के लिये जब देशव्यापी परीक्षा द्वारा युवा अधिकारियों को चुनना शुरू किया तो बैंकिंग में रहते हुए सूचना प्रौद्योगिकी, परियोजना प्रबंधन आदि की शिक्षा और अनुभव का अवसर मिला जो अब तक साथ चल रहा है।

पढ़ने लिखने का शौक पुराना था। सम्वाद-वाद-विवाद में पुरस्कार पाना स्कूल में ही शुरू हो गया था। 13-14 साल की आयु में सोचा था कि बड़े होने पर बरेली-बदायूँ मार्ग पर हरियाली के बीच बनाये आधुनिक फ़ार्महाउस से प्रकाशन का व्यवसाय चलाया जायेगा। अनुराग प्रकाशन का उन्हीं दिनों का डिज़ाइन किया लोगो और एकाध नमूना पुस्तकें भी शायद अल्मारी में अभी भी पड़ी हों। माचिस की डिब्बी के आकार की 'मैचबुक्स' का विचार भी तभी-कभी दिमाग़ में कौंधा था। खैर बरेली के दर्शन तो फिर भी हो जाते हैं, बदायूँ तो एकदम से ही पराया हो गया। नसीब अपना-अपना ...  

लेखन-प्रकाशन के सपने देखते हुए, लगभग उन्हीं दिनों में कई कहानियाँ लिख डाली थीं। 1983-84 में एक कहानी का प्लॉट मन में था। 3-4 पन्नों की कहानी बोल-बोलकर कई बार टाइप करवाई लेकिन हिंदी टंकण में हर बार अनेक ग़लतियाँ रह जाती थीं। दशकों बाद जब ब्लॉग पर उसे अनुरागी मन के नाम से धारावाहिक लिखना शुरू किया तो इस बीच के अनेक अनुभवों और उपलब्ध समय ने कथानक को पहले से अधिक रोचक बना दिया था। ब्लॉग नियमित पढ़ने वाले मित्रों को कहानी पसंद आई लेकिन अंतिम कड़ी पर कुछ मित्रों ने उसके दुखांत होने पर शिकायत भी की। कविहृदय मित्र देवेंद्र पाण्डेय ने तो कथा के दुखांत को मेरे पश्चिम में रहने का प्रभाव ही बता दिया। जबकि सच यह है कि कहानी का अंत 1984 में भी यही था। इसमें पूर्व-पश्चिम का कोई चक्कर नहीं था, यूँ ही सोचा कि आज यह बात स्पष्ट कर ही दी जाय।

देवेन्द्र पाण्डेय October 27, 2011 at 4:18 AM
मूड खराब कर दिया आपने तो। ऐसे अंत की उम्मीद नहीं थी। छुट्ठी निकालकर इतमिनान से पढ़ने बैठा था। शेख चिल्ली के मजार से जो उम्मीद बंधी थी यहां आकर तहस-नहस हो गई। ऐसे भी भला कोई अंत करता है! इतनी जल्दी क्या थी? अंततः समाप्त। यह भी कोई बात हुई। ... ... ... पश्चिम में रहकर यही अंत करने की भावना जगी? 
मेरे जीवन की लम्बी यात्रा के अनुरागी मन से ही सम्बंधित एक अल्पांश, जब इस कथा संग्रह को मॉरिशस के महात्मा गांधी संस्थान द्वारा भोपाल में हुए 10वें विश्व हिंदी सम्मेलन में स्थापित किये गये द्वैवार्षिक 'आप्रवासी हिंदी साहित्य सृजन संस्थान' का प्रथम विजेता बनने का गौरव प्राप्त हुआ। सम्मान मॉरिशस की संसद की स्पीकर शांतिबाई हनुमानजी जीओएसके द्वारा मॉरिशस में आयोजित एक सम्मान में प्रदान किया गया। निम्न विडियो में देखिये मॉरिशस टीवी पर प्रस्तुत इस समारोह की रिपोर्ट की एक झलक और बताइये किस भाषा में क्या कहा गया है:



पितृपक्ष चल रहे हैं। सालभर के कामधंधे और उलझनों के कारण बिसर गये पितरों से वापस जुड़ने का समय है। उन्हीं यादों के बीच ये कुछेक यादें मानो याद दिलाने आईं कि मेरे अपने जीवन पर मेरा कितना कम नियंत्रण रहा है। पितरों के संघर्षों द्वारा संवरी अपनी ज़िंदगी के पुनरावलोकन का समय यह भी विचार करने का है कि हम आने वाली संतति द्वारा कैसे पितरों के रूप में याद किये जायेंगे। उनके लिये हम धरा पर कौन सी विरासत, कैसी धरोहर छोड़कर जायेंगे।

फिर मिलेंगे ब्रेक के बाद

Thursday, June 5, 2014

लेखक बेचारा क्या करे? भाग 2

नोट: कुछ समय पहले मैंने यह लेखक बेचारा क्या करे? भाग 1 में एक लेखक की ज़िम्मेदारी और उसकी मानसिक हलचल को समझने का प्रयास किया था। उस पोस्ट पर आई टिप्पणियों से जानकारी में वृद्धि हुई। पिछले दिनों इसी विषय पर कुछ और बातें ध्यान में आयी, सो चर्चा को आगे बढ़ाता हूँ।
कालजयी ग्रन्थों की सूची में निर्विवाद रूप से शामिल ग्रंथ महाभारत में मुख्य पात्रों के साथ रचनाकार वेद व्यास स्वयं भी उपस्थित हैं। कोई लोग जय संहिता को भले आत्मकथात्मक कृति कहें लेकिन आज की आत्मकथाओं में अक्सर दिखने वाले एकतरफा और सीमित बयान के विपरीत वहाँ एक समग्र और विराट वर्णन है। मेरे ख्याल से समग्रता और विराट रूप अच्छे लेखन के अनिवार्य गुण हैं। यदि लेखन संस्मरणात्मक या आत्मकथनपरक लगे, और पाठक उससे अपने आप को जुड़ा महसूस करें तो सोने में सुहागा। लघुकथा के नाम पर अनगढ़ चुट्कुले या किसी उद्देश्यहीन घटना का सतही और आंशिक विवरण सामने आये तो निराशा ही होती है।

बदायूँ में अपने अल्पकालीन निवास के दौरान एक बार मैंने पत्राचार के माध्यम से अपने प्रिय लेखक उपेन्द्रनाथ अश्क से अच्छी कहानी के बारे में उनकी राय पूछी थी। अन्य बहुत से गुणों के साथ ही जिस एक सामान्य तत्व की ओर उन्होने दृढ़ता से इशारा किया था वह थी सच्चाई। उनके शब्दों में कहूँ तो, "अच्छी कहानियाँ सच्चाई पर आधारित होती हैं। कल्पना के आधार पर गढ़ी कहानियों के पेंच अक्सर ढीले ही रह जाते हैं।"
अच्छी कहानियाँ पात्रों से नहीं, लेखकों से होती हैं। सर्वश्रेष्ठ कहानियाँ पात्रों या लेखकों से नहीं, पाठकों से होती हैं।
महाभारत का तो काल ही और था, छापेखाने से सिनेमा तक के जमाने में पाठक का लेखक से संवाद भी एक असंभव सी बात थी, पात्र की तो मजाल ही क्या। लेकिन आज के लेखक के सामने उसके पात्र कभी भी चुनौती बनकर सामने आ सकते हैं। बेचारा भला लेखक या तो अपना मुँह छिपाए घूमता है या अपने पात्रों का चेहरा अंधेरे में रखता है।

अपनी कहानियों के लिए, उनके विविध विषयों, रोचक पृष्ठभूमि और यत्र-तत्र बिखरे रंगों के लिए मैं अपने पात्रों का आभारी हूँ। मेरी कहानियों की ज़मीन उन्होंने तैयार की है। कथा निर्माण के दौरान मैं उनसे मिला अवश्य हूँ। कहानी लिखते समय मैं उन्हें टोकता भी रहता हूँ। वे सब मेरे मित्र हैं यद्यपि मैं उन सबको व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता हूँ। हमारा परिचय बस उतना ही है जितना कहानी में वर्णित है। बल्कि वहां भी मैंने लेखकीय छूट का लाभ यथासंभव उठाकर उनका कायाकल्प ही कर दिया है। कुछ पात्र शायद अपने को वहां पहचान भी न पायें। कई तो शायद खफा ही हो जाएँ क्योंकि मेरी कहानी उनका असली जीवन नहीं है। इतना ज़रूर है कि मेरे पात्र बेहद भले लोग हैं। अच्छे दिखें या बुरे, वे सरल और सहज हैं, जैसे भीतर, तैसे बाहर।

मेरी कहानियाँ मेरे पात्रों की आत्मकथाएँ नहीं हैं। लेकिन उन्हें मेरी आत्मकथा समझना तो और भी ज्यादती होगी। मेरी कहानियाँ वास्तविक घटनाओं का यथारूप वर्णन या किसी समाचारपत्र की रिपोर्ट भी नहीं हैं। मैं तो कथाकार कहलाना भी नहीं चाहता, मैं तो बस एक किस्सागो हूँ। मेरा प्रयास है कि हर किस्सा एक संभावना प्रदान करे , एक अँधेरे कमरे में खिड़की की किसी दरार से दिखते तारों की तरह। किसी सुराख से आती प्रकाश की एक किरण जैसे, मेरी अधिकाँश कहानियाँ आशा की कहानियाँ हैं। जहाँ निराशा दिखती है, वहां भी जीवन की नश्वरता के दुःख के साथ मृत्योर्मामृतंगमय का उद्घोष भी है।
एक लेखक अपने पात्रों का मन पढ़ना जानता है। एक सफल लेखक अपने पाठकों का मन पढ़ना जानता है। एक अच्छा लेखक अपने पाठकों को अपना मन पढ़ाना जानता है। सर्वश्रेष्ठ लेखक यह सब करना चाहते हैं ...
अरे, आप भी तो लिखते हैं, आपके क्या विचार हैं लेखन के बारे मेँ?

Friday, April 5, 2013

माल असबाब की सुरक्षा - हार की जीत

अमेरिका के एक हवाई अड्डे से बाहर आकर जब पार्किंग तक जाने के लिए शटल बस में बैठा तो मेरे साथ कई अन्य लोग भी चढ़े। बूढ़े हों या जवान, सीट लेने से पहले सबने अपनी भारी-भारी अटैचियों को सामान के लिए बनी जगह में करीने से लगाया। चालक भी सबके बैठने तक रुका रहा। अगले टर्मिनल पर फिर वही सब दोहराया गया। इस बार एक व्यक्ति के पास दो भारी सूटकेस सहित चार अदद थे। सामान की जगह खाली थी लेकिन उसकी नज़र सीट पर थीं। पीछे सीट भी खाली थीं मगर वहाँ तक कौन जाये सो वह सबसे आगे विकलांगों व बुज़ुर्गों के लिए छोड़ी सीट पर जम गया। चलने के लिए बनी थोड़ी सी जगह में अपनी अटैचियाँ और थैले भी अपने आस पास जमा लिए। उसके बाद हर टर्मिनल पर लोग उसके सामान से अपने घुटने टकराते हुए निकलते रहे मगर वह तसल्ली से अपने आइफोन पर संगीत सुनता रहा। न किसी अटकते हुए व्यक्ति ने उसे सामान रखने की जगह दिखाई और न ही उसने खुद तकलीफ की।

मुझे याद आया जब डीटीसी की बस में एक कंडक्टर ने किसी को अपनी अटैची पीछे रखने को कहा था और इस बात पर लंबी बहस चली जिसका निष्कर्ष यह निकाला कि सामान साथ न रखने पर उसके चोरी होने की आशंका बनी रहती है। मतलब यह कि जो आदमी दूसरों के लिए जितनी अधिक असुविधा पैदा कर सकता है उसका माल उतना ही सुरक्षित है। समाज जितना अधिक स्वार्थी और जंगली होगा, अपनी सुरक्षा और दूसरों की असुविधा का संबंध उतना ही गहरा होता जाएगा।

आज के भारत का हाल नहीं पता लेकिन हमारे जमाने में एक व्यापक जनधारणा यह थी कि निजी क्षेत्र की क्षमता सरकारी तंत्र से अधिक होते है। दिल्ली में निजी क्षेत्र की रेड/ब्लू लाइन के अत्याचार रोज़ सहने वाले भी बिजली, पानी की बात चलने पर छूटते ही कहते थे, "प्राइवेट कर दो, दो दिन में हालत बदल जाएगी।" सुना है अब सब प्राइवेट हो गया है और झुग्गी-झोंपड़ी वाले भी हजारों रुपये के बिल से त्रस्त हैं। सुनवाई के नाम पर बस एक ही कार्यवाही होती है, कनैक्शन काटने की। कुकुरमुत्ते की तरह उग आए प्राइवेट स्कूलों में बच्चों के लिए शौचालय तक नहीं हैं और जनसेवा के नाम पर करोड़ों की ज़मीन खैरात में पाने वाले फाइव-स्टार अस्पतालों में मुरदों को भी निचोड़ लेने की अफवाहें आती रहती हैं।

बदइंतजामी और भ्रष्टाचार के चलते जब एक निजी बैंक का दिवाला पिट गया तो उसके कर्मचारियों की नौकरी और जमकर्ताओं की पूंजी बचाने के लिए उसका शव एक सक्षम सरकारी बैंक की पीठ पर लाद दिया गया। हमारी शाखाओं का भाषाई संतुलन रातों-रात बदल गया। पाटना वापस पटना हो गया लेकिन बेचारे पद्मनाभन जी कुछ और बन गए। काम न जानने का आधार काम न करने का कारण बना और "सेवा के लिए विकास" की जगह "मैन्नू ते कुछ पता ई नई" बैंक का नया आदर्श वाक्य बनने के सपने देखने लगा। कुल मिलाकर मेरा अवलोकन यही था कि काम करने वालों से काम तो होता है लेकिन कभी-कभार गलती भी हो सकती है। लेकिन जिसने कभी कुछ किया ही नहीं, टोटल-मुफ्तखोरी की, उसकी कलम न कभी कोई कागज़ छूएगी, न कभी उनके हस्ताक्षर पकड़ में आएंगे। हारने दो उनको जो अपनी ज़िंदगी गुज़र देते हैं खून-पसीना बहाने में।

समाज में सब कुछ सही नहीं है, सब कुछ सही शायद कभी न हो। लेकिन इतना तय है कि बेहतरी की ज़िम्मेदारी भी हमारी ही है। जब तक गलत करने वालों को सज़ा और सही उदाहरण रखने वालों को उत्साह नहीं मिलेगा, "ज्योतिर्गमय" की आशा बेमतलब है। बुराई के साथ कोई रियायत नहीं, लेकिन यह सदा याद रहे कि भले लोगों से मतांतर होने पर भी सदुद्देश्य के मार्ग में हमें उनका हमसफर बने रहना है। बल्कि सच कहूं तो मतांतर वाले सज्जनों की सहयात्रा हमारी उन्नति के लिए एक अनिवार्य शर्त है क्योंकि वे हमें सत्य का वह पक्ष दिखते हैं जिसे देखने की हमें आदत नहीं होती। अच्छाई को रियायत दीजिये। मिल-बैठकर चिंतन कीजिये। एक दूसरे के सहयोगी बनिए। आँख मूंदकर चलना मूर्खों की पहचान है। इंसानी शक्ल वाली भेड़ों के लिए तो बहुत से वाद, मजहब और विचारधाराएँ दुनिया में थोक में मौजूद हैं। सभी रेंगने वालों को कौन उठा पाया है? लेकिन पर्वतारोहियों का हित इसी में है कि हिमालय का पतन न हो। एक दूसरे को छूट दीजिये, सहयोग कीजिये लेकिन आपके आसपास "क्या" हो रहा है के साथ "क्यों" हो रहा है पर भी पैनी नज़र रखिए।

दूध देने वाली गाय हो या जहर देने वाला नाग, स्वार्थी लोगों ने दोनों को दुहा है लेकिन हमारी विशालहृदया संस्कृति ने दोनों को ही आदर दिया है। समन्वय हमारी संस्कृति के मूल में है। अतिवाद थोपने वाली, लोगों को दीवारों में बांटने वाली, या भेद के आधार पर हिंसा लादने वाली विचारधाराएँ उत्तरी, पश्चिमी या पूर्वी सीमा से घुसपैठ करने की कितनी भी कोशिश करें, भारतीय संस्कृति कभी नहीं कहला सकतीं।

Sunday, November 25, 2012

एक शाम गीता के नाम - चिंतन

सुखिया सब संसार है खाए और सोये।
दुखिया दास कबीर है जागे और रोये।

ज्ञानियों की दुनिया भी निराली है। जहाँ एक तरफ सारी दुनिया एक दूसरे की नींद हराम करने में लगी हुई है, वहीं अपने मगहरी बाबा दुनिया को खाते, सोते, सुखी देखकर अपने जागरण को रुलाने वाला बता रहे हैं। जागरण भी कितने दिन का? कभी तो नींद आती ही होगी। या शायद एक ही बार सीधे सारी ज़िंदगी की नींद की कसर पूरी कर लेते हों, कौन जाने! मुझे तो लगता है कि कुछ लोग कभी नहीं सोते, केवल मृत्यु उनकी देह को सुलाती है। सिद्धार्थ को बोध होने के बाद किसका घर, कैसा परिवार। मीरा का जोग जगने के बाद कौन सा राजवंश और कहाँ की रानी? बस "साज सिंगार बांध पग घुंघरू, लोकलाज तज नाची।" जगने-जगाने की स्थिति भी अजीब है। जिसने देखी-भोगी उसके लिए ठीक, बाकियों के लिये संत कबीर के ही शब्दों में:

अकथ कहानी प्रेम की कहे कही न जाय।
गूंगे केरी शर्करा, खाए और मुस्काय।।

पतंजलि के योग सूत्र के अनुसार योग का अर्थ चित्तवृत्तियों का निरोध है। अभ्यास तथा वैराग्य के द्वारा उनका निरोध संभव है। बचपन से अपने आसपास के लोगों को जीवन की सामान्य प्रक्रियाओं के साथ ही योगाभ्यास भी करते पाया। सर पर जितने दिन बाबा का हाथ रहा उन्हें नित्य प्राणायाम और त्रिकाल संध्या करते देखा। त्रिकाल संध्या की हज़ारों साल पुरानी परम्परा तो उनके साथ ही चली गयी, उनका मंत्रोच्चार आज भी मन के किसी कोने में बैठा है और यदा-कदा उन्हीं की आवाज़ में सुनाई देता है।
जैसे आदमी पुराने वस्त्र त्याग कर नये ग्रहण करता है, वैसे ही आत्मा एक शरीर छोड़कर दूसरा शरीर धारण कर लेती है। मगर ऐसी सूक्ष्म आत्मा को क्या चाटें ? ऐसी आत्मा न खा-पी सकती है, न भोग कर सकती है, न फिल्म देख सकती है। ~ हरिशंकर परसाई
पटियाली सराय के वे सात घर एक ही परिवार के थे। पंछी उड़ते गए, घोंसले रह गए समय के साथ खँडहर बनने के लिए। पुराने घरों में से एक तो किसी संतति के अभाव में बहुत पहले ही दान करके मंदिर बना दिया गया था। एक युवा पुत्र की मोहल्ले के गुंडों द्वारा हत्या किया जाना दूसरे घर के कालान्तर में खँडहर बनाने का कारण बना। कोई बुलाये से गये, तो कुछ स्वजन स्वयं निकल गए। घर खाली होते गए। इन्हीं में से छूटे हुए एक लबे-सड़क घर के मलबे को मोहल्ले के छुटभय्ये नेता द्वारा अपने ट्रक खड़े करने के लिए हमसार कराते देखता था। जब गर्मियों की छुट्टियों में सात खण्डों में से एक अकेला घर आबाद होता था तब कभी मन में आया ही नहीं कि एक दिन यह घर क्या, नगर क्या, देश भी छूट जायेगा। हाँ, दुनिया छूटने का दर्द तब भी दिल में था। संयोग है कि भरा पूरा परिवार होते हुए भी उस घर को बेचने हम दो भाइयों को ही जाना पड़ा। घर के अंतिम चित्र जिस लैपटॉप में रखे उसकी डिस्क इस प्रकार क्रैश हुई कि एक भी चित्र नहीं बचा।

बाबा रिटायर्ड सैनिक थे। अंत समय तक अपना सब काम खुद ही किया। उस दिन आबचक की सफाई करते समय दरकती हुई दीवार से कुछ ईंटें ऊपर गिरीं, अपने आप ही रिक्शा लेकर अस्पताल पहुँचे। हमेशा प्रसन्न रहने वाले बाबा को जब मेरे आगमन के बारे में बताया गया तो दवाओं की बेहोशी में भी उन्होंने आँख-मुँह खोले बिना हुंकार भरी और अगले दिन अस्पताल के उसी कमरे में हमसे विदा ले ली। दादी एक साल पहले जा चुकी थीं। मैं फिर से कछला की गंगा के उसी घाट पर खड़ा कह रहा था, "हमारा साथ इतना ही था।"

धर्म और अध्यात्म से जितना भी परिचय रहा, बाबा और नाना ने ही कराया। संयोग से उनका साथ लम्बे समय तक नहीं रहा। उनकी अनुपस्थिति का खालीपन आज भी बना हुआ है। जीवन में मृत्यु की अटल उपस्थिति की वास्तविकता समझते हुए भी मेरा मन कभी उसे स्वीकार नहीं सका। हमारा जीवन हमारे जीवन के गिर्द घूमता रहता है। शरीर माध्यम खलु धर्म साधनं। सारा संसार, सारी समझ इस शरीर के द्वारा ही है। जान है तो जहान है। इसके अंत का मतलब? मेरा अंत मतलब मेरी दुनिया का अंत। कई शुभचिंतकों ने गीता पढ़ने की सलाह दी ताकि आत्मा के अमरत्व को ठीक से समझ सकूँ। दूसरा अध्याय पढ़ा तो सर्वज्ञानी कृष्ण जी द्वारा आत्मा के अमरत्व और शरीर के परिवर्तनशील वस्त्र होने की लम्बी व्याख्या के बाद स्पष्ट शब्दों में कहते सुना कि यदि तू इस बात पर विश्वास नहीं करता तो भी - और सर्वज्ञानी का कहा यह "तो भी" दिल में किसी शूल की तरह चुभता है - तो भी इस निरुपाय विषय में शोक करने से कुछ बदलना नहीं है।

जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मृतस्य च।
तस्मादपरिहार्येऽर्थे न त्वं शोचितुमर्हसि ।।

एक बुज़ुर्ग मित्र से बातचीत में कभी मृत्यु का ज़िक्र आया तो उन्होंने इसे ईश्वर की दयालुता बताया जो मृत्यु के द्वारा प्राणियों के कष्ट हर लेता है। गीता में उनकी बात कुछ इस तरह प्रकट हुई दिखती है:

मृत्युः सर्वहरश्चाहम् उद्भवश्च भविष्यताम्।
कीर्तिः श्रीर्वाक च नारीणां स्मृतिर्मेधा धृतिः क्षमा॥

मेरे प्रिय व्यक्तित्वों में से एक विनोबा भावे ने अन्न-जल त्यागकर स्वयं ही इच्छा-मृत्यु का वरण किया था। मेरी दूसरी प्रिय व्यक्ति मेरिलिन वॉन सेवंट से परेड पत्रिका के साप्ताहिक प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में किसी ने जब यह पूछा कि संभव होता तो क्या वे अमृत्व स्वीकार करतीं तो उन्होंने नकारते हुए कहा कि यदि जीवनत्याग की इच्छा होने पर भी अमृत्व के बंधन के कारण जीवन पर वह अधिकार न रहे तो वह अमरता भी एक प्रकार की बेबसी ही है जिसे वे कभी नहीं चाहेंगी। अपने उच्चतम बुद्धि अंक के आधार पर मेरिलिन विश्व की सबसे बुद्धिमती व्यक्ति हैं। कुशाग्र लोगों के विचार मुझे अक्सर आह्लादित करते हैं, लेकिन नश्वरता पर मेरिलिन का विचार मैं जानना नहीं चाहता।

सिद्धांततः मैं अकाल-मृत्यु का कारण बनने वाले हर कृत्य के विरुद्ध हूँ। जीवन और मृत्यु के बारे में न जाने कितना कुछ कहा, लिखा, पढ़ा, देखा, अनुभव किया जा चुका है। शिकार, युद्ध, जीवहत्या, मृत्युदंड, दैहिक, दैविक ताप आदि की विभीषिकाओं से साहित्य भरा पड़ा है। संसार अनंत काल से है, मृत्यु होते हुए भी जीवन तो है ही। नश्वरता को समझते हुए, उसे रोकने का हरसंभव प्रयास करते हुए भी हम उसे स्वीकार करते ही हैं। लेकिन यह स्वीकृति और समझ हमारे अपने मन की बात है जो हमारे इस क्षणभंगुर शरीर से बंधा हुआ है। मतलब यह कि हमारी हर समझ, हमारा बोध हमारे जीवन तक ही सीमित है। लेकिन क्या यह बोध है भी? हमने सदा दूसरों की मृत्यु देखी है, अपनी कभी नहीं। कैसी उलटबाँसी है कि अपने सम्पूर्ण जीवन में हम सदा जीवित ही पाए गए हैं। जीवन, मृत्यु, पराजीवन, आदि के बारे में हमारी सम्पूर्ण जानकारी या/और कल्पनाएँ भी हमारे इसी जीवन और शरीर के द्वारा अनुभूत हैं। क्या इस जीवन के बाद कोई जीवन है? चाहते तो हैं कि हो लेकिन चाहने भर से क्या होता है?

हम न मरे मरै संसारा। हमको मिला जियावनहारा।। (संत कबीर)

ब्रह्म सत्यम् जगत मिथ्या। मेरी दुनिया शायद मेरा सपना भर नहीं। मेरे जीवन से पहले भी यह थी, और मेरे बाद भी रहेगी। हाँ, जिस भी मिट्टी से बना मैं आज अपने अस्तित्व के प्रति चैतन्य हूँ वह चेतना और वह अस्तित्व दोनों ही मरणशील हैं। यदि मैं दूसरा पक्ष मानकर यह स्वीकार कर भी लूं कि कोई एक आत्मा वस्त्रों की तरह मेरा शरीर त्यागकर किसी नए व्यक्ति का नया शरीर पहन लेगी तो भी वह अस्तित्व मेरा कभी नहीं हो सकता। क्या वस्त्र कभी किसी शरीर पर आधिपत्य जमा सकते हैं? ईंट किसी घर की मालकिन हो सकती है? कुछ महीने में मरने वाली रक्त-कणिका क्या अपने धारक शरीर की स्वामिनी हो सकती है? वह तो शरीर के सम्पूर्ण स्वरुप को समझ भी नहीं सकती। मेरा अस्तित्व मेरे शरीर के साथ, बस। उसके बाद, ब्रह्म सत्यम् ...

न तद्भासयते सूर्यो न शशाङ्को न पावक:।
यद्गत्वा न निवर्तन्ते तद्धामम् परमं मम ॥

(उस परमपद को न सूर्य प्रकाशित करता है, न चन्द्रमा और न अग्नि। जिस लोक को प्राप्त होकर मनुष्य लौटकर संसार में कभी वापस नहीं आता, ऐसा मेरा परमधाम है। (श्रीमद्भागवद्गीता)

जीवन की नश्वरता और कर्मयोग की अमरता की समझ देने के लिए गीता का आभार और आभार उन पूर्वजों का जिन्होंने जान देकर भी, कई बार पीढ़ियों तक भूखे, बेघरबार, खानाबदोश रहकर देस-परदेस भागते-दौड़ते हुए, कई बार अक्षरज्ञानरहित होकर भी अद्वितीय ज्ञान, समझ और विचारों को, इन ग्रंथों को भविष्य की पीढियों की अमानत समझकर संजोकर रखा और अपने घरों में जीवित रखी स्वतंत्र विचार की, वार्ता की, शास्त्रार्थ की, मत-मतांतर और वैविध्य के आदर की, शाकाहार और अहिंसा की, प्राणिमात्र पर दया की अद्वितीय भारतीय परम्परा। धन्य हैं हम कि इस भारतभूमि में जन्मे!

ॐ असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय। मृत्योर्मामृतं गमय। ॐ शान्ति शान्ति शान्ति।।


स्वामी विवेकानंद के शब्द, येसुदास का स्वर, संगीत सलिल चौधरी का

Sunday, May 27, 2012

ब्राह्मण कौन?

(आलेख व चित्र: अनुराग शर्मा)
ज्ञानी जन तौ नर कुंजर में, सम भाव धरत सब प्रानिन में। 
सम दृष्टि सों देखत सबहिं, गौ श्वानन में चंडालन में ॥
 [डॉ. मृदुल कीर्ति - गीता पद्यानुवाद]
जब से बोलना सीखा, दिल की बात कहता आया हूँ। मेरे दिल की बात क्या है, कुछ मौलिक नहीं, वही सब जो अपने आसपास सुना, पढा, समझा और सीखा है। सब कुछ सही होने का दावा नहीं कर सकता हाँ इतना प्रयास अवश्य रहता है कि सत्य अपनाया जा सके और उसे प्रिय और श्रेयस्कर मान सकूँ।

उपनिषदों में जाबालि ऋषि सत्यकाम की कथा है जो जाबाला के पुत्र हैं। जब सत्यकाम के गुरु गौतम ने नये शिष्य बनाने से पहले साक्षात्कार में उनके पिता का गोत्र पूछा तो उन्होंने उत्तर दिया कि उनकी माँ जाबाला कहती हैं कि उन्होंने बहुत से ऋषियों की सेवा की है, उन्हें ठीक से पता नहीं कि सत्यकाम किसके पुत्र हैं। ज्ञानवृत्ति के पालक ऋषि सत्य को सर्वोपरि रखते आये हैं। सत्यकाम की बात सुनते ही गौतम ऋषि उन्हें सत्यव्रती ब्राह्मण स्वीकार करके जाबालि गोत्र का नाम देकर पुकारते हैं।
खून से ही वंश की परम्परा नहीं चलती, जो विश्वास वहन करता है, वही होता है असली वंशधर ~ सत्यकाम फ़िल्म से (रजिन्दर सिंह बेदी लिखित) एक सम्वाद 
बात की शुरुआत हुई एक मित्र के फ़ेसबुक स्टेटस से जिसका शीर्षक था "बन्दउँ प्रथम महीसुर चरना :)" संलग्न लिंक था टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक खबर से जिसमें चर्चा थी उस ट्रेंड की जहाँ निसंतान भारतीय दम्पत्तियों की पहली पसन्द ब्राह्मण संतति प्राप्त करना पाई गयी थी। ब्राह्मण शब्द पर ज़ोर था। काफ़ी दिन बाद फिर से ध्यान गया उस शब्द पर जिसकी चर्चा अक्सर होती है पर उसका अर्थ शायद अलग-अलग लोगों के लिये अलग ही रहा है। एक बुज़ुर्ग भारतीय मित्र हैं जो जाति पूछे जाने पर अपने को "जन्मना ब्राह्मण" कहते थे क्योंकि तथाकथित ब्राह्मण कुल में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने अपने को कभी ब्राह्मण नहीं माना। एक अन्य जन्मना ब्राह्मण मित्र हैं जो अक्सर जन्मना ब्राह्मणों को कोसते दिखाई देते हैं। विद्वान हैं, कई बातें सही भी हैं लेकिन कई बार यह विघ्नकारी हो जाता है।

अली सैयद जी के ब्लॉग उम्मतें की एक पोस्ट "कभी यहां तुम्हें ढूंढा...कभी वहां देखा...!" पढते समय ध्यान गया कि शास्त्रों के काल से लेकर आज तक भले ही भृगु, विश्रवा, च्यवन आदि ब्रह्मर्षियों की बात हो या वर्तमान समाज में देखें तो अरुणा आसफ़ अली, सरोजिनी नायडू, इन्दिरा गांधी जैसे स्वाधीनता सेनानियों की, भारत में यदि कोई एक जाति अंतर्जातीय सम्बन्धों में आगे रही है तो वह ब्राह्मण जाति ही है। ब्राह्मण परिवार में जन्मी पॉप गायिका पार्वती खान का नाम कई पाठकों को याद होगा। पढ़ने में आता है कि डॉ भीमराव अंबेडकर की पत्नी डॉ शारदा कबीर (माई सविता अंबेडकर) भी एक ब्राह्मण परिवार में जन्मी थीं। मैं अपने आसपास के अंतर्जातीय विवाहों पर नज़र दौड़ाता हूँ तो जन्मना ब्राह्मणों को अग्रणी पाता हूँ। प्रेम की तरह शायद कट्टरता के भी कई रूप होते हैं, एक सर्वभूतहितेरतः वाला और दूसरा अहमिन्द्रो न पराजिग्ये वाला। 

प्रथम ब्राह्मण रेजिमेंट (1776-1931) भारतीय सेना
ब्राह्मण यानी द्विज यानी दूसरे जन्म याने संस्कार से बना हुआ व्यक्ति। मतलब यह कि ब्राह्मण जन्म से नहीं होता। ब्राह्मण होने का मतलब ही है आनुवंशिकता के महत्व को नकारकर ज्ञान, शिक्षा और संस्कार के महत्व को प्रतिपादित करना। विश्व के अन्य राष्ट्रों की तरह भारतीय जातियाँ पितृकुल से भी हैं, मातृकुल से भी। लेकिन भारत के ब्राह्मण गोत्र संसार भर से अलग एक अद्वितीय प्रयोग हैं। ब्राह्मण मातृकुल, पितृकुल, कम्यून आदि से बिल्कुल अलग ऐसी परिकल्पना है जो गुरुकुल से बनी है। जातिवाद और ब्राह्मणत्व दो विरोधी प्रवृत्तियाँ हैं। इनका घालमेल करना निपट अज्ञान ही नहीं, एक तरह से भारतीय परम्परा का निरादर करना भी है।

गुरुकुल शब्द ही ब्राह्मणों के कुल के अनानुवंशिक होने का प्रमाण है। न माता का, न पिता का, गुरु का कुल - ब्राह्मणों के एक नहीं, न जाने कितने गोत्र ऐसे हैं जहाँ पिता और पुत्र के चलाये हुए गोत्र अलग हैं उदाहरणार्थ वसिष्ठ का अपना गोत्र है और उनके पौत्र पराशर का अपना - यदि आनुवंशिक आधार होता तो ये दो गोत्र अलग नहीं होते। इसी प्रकार भृगु का अपना गोत्र भी है और उनकी संततियों के अपने-अपने। सभी शिष्य अपने गुरु का कुल चलाते हैं। इस विशाल समुदाय में गुरु के अपने भी एकाध बच्चे होंगे, मगर भूसे के ढेर को उसमें पड़ी एक सुई से परिभाषित नहीं किया जा सकता। शुनःशेप का गोत्र परिवर्तन भी गुरुकुल के सिद्धांत को ही प्रतिपादित करता है।

भारतीय संस्कृति संस्कारों में विश्वास करती है। सभी संस्कार सबके लिये हैं मगर उपनयन किये बिना द्विज नहीं बना जा सकता, मतलब यह कि ब्राह्मणत्व केवल वंश आधारित नहीं हो सकता है। ब्राह्मण परिवार के बाहर जन्मे विश्वामित्र का ब्रह्मर्षि बनना ब्राह्मणत्व के जन्म से मुक्त होने का एक दृष्टांत है। विश्वामित्र का हिंसक क्रोध बना रहने तक वशिष्ठ उन्हें ब्रह्मर्षि स्वीकार नहीं करते। इन्हीं विश्वामित्र का पश्चात्ताप वसिष्ठ द्वारा उनके ब्राह्मणत्व को मान्यता देने का आधार बनता है। यह संयोग मात्र नहीं कि विश्वामित्र को ब्राह्मणत्व प्रदान करने वाले वसिष्ठ स्वयं भी किसी ब्राह्मणी के नहीं बल्कि अप्सरा उर्वशी के पुत्र हैं। उनके अतिरिक्त व्यास, कौशिक, ऋष्यशृंग, अगस्त्य, जम्बूक आदि ऋषियों के अब्राह्मण जन्म की कथायें शास्त्रों में मिलती हैं परंतु उन सबका ब्राह्मणत्व सुस्थापित और सर्वमान्य हैं।

बुद्ध के शब्दों में ब्राह्मण अकिंचनं अनादानं तमहं ब्रूमि ब्राह्मणं॥
जो अकिंचन है, अपरिग्रही और त्यागी है, उसे ही मैं ब्राह्मण कहता हूँ।
वारि पोक्खरपत्ते व आरग्गे रिव सासपो।
यो न लिम्पति कामेसु तमहं ब्रूमि ब्राह्मणं॥
कमल के पत्ते पर जल की बूंद और आरे की धार पर सरसों के दाने की तरह भोगों से निर्लिप्त रहने वाले को मैं ब्राह्मण कहता हूँ।
निधाय दंडं भूतेसु तसेसु ताबरेसु च।
यो न हन्ति न घातेति तमहं ब्रूमि ब्राह्मणं॥
चर-अचर, किसी प्राणी को जो दंड नहीं देता, न मारता है, न हानि पहुँचाता है वही ब्राह्मण कहलाएगा।

आज ब्राह्मण जाति की उपस्थिति देश के लगभग हर क्षेत्र में हैं परंतु असम का ब्राह्मण पंजाबी ब्राह्मण के मुकाबले एक असमी से अधिक मिलता हुआ होता है और यह बात तमिळ, नेपाली, कश्मीरी, गुजराती सब ब्राह्मणों के बारे में कमोबेश सही है। हाँ राष्ट्रभर में बिखरा हुआ यह समुदाय वैचारिक रूप से अवश्य एकरूप हुआ है मगर उसका कारण संस्कार, दीक्षा, दृष्टि और परिवेश है न कि आनुवंशिकता। ब्राह्मण अलग वर्ण अवश्य है लेकिन अलग आनुवंशिक जाति कदापि नहीं।

गीता के मेरे प्रिय श्लोकों में से एक है:
विद्याविनयसंपन्ने ब्राह्मणे गवि हस्तिनि
शुनिचैव श्वपाके चः पंडिताः समदर्शिनः
ज़र्रे-ज़र्रे में एक ही ईश्वर का अंश देखने वाली भारतीय परम्परा में हर प्राणी के लिये समदर्शी होने में कोई अनोखी बात नहीं है। गाय, हाथी, ब्राह्मण, कुत्ता और यहाँ तक कि कुत्ता खाने वाले में भी समानता देखने वाली परम्परा में मज़हब, भाषा आदि जैसी दीवारों के नामपर बँटवारा और फ़िरकापरस्ती के लिये कोई जगह नहीं है। एक ओर हम भेदभाव विहीन समाज की मांग करते हैं, वहीं दूसरी ओर अपने परिवार के विवाह सम्बन्ध ढूंढते समय, बच्चे गोद लेते समय और टाइम्स ऑफ़ इंडिया के समाचार के अनुसार उससे भी एक क़दम आगे बढकर जाति में गौरव ढूंढते हैं, यह कैसा विरोधाभास है?

रेखाचित्र: अनुराग शर्मा
इसी प्रकार कुछ लोग जात-पाँत को सही ठहराने के लिये प्राचीन वर्ण व्यवस्था का नाम लेते हैं। वे भूल जाते हैं कि वर्ण व्यवस्था वास्तव में वर्णाश्रम व्यवस्था थी। आश्रम के आग्रह के बिना वर्ण के आग्रह का कोई अर्थ नहीं रहता। दूसरे, शास्त्रसम्मत चार वर्ण और आज की भेदभावपरक हज़ारों जातियाँ दो अलग-अलग बातें हैं। और फिर प्राचीन व्यवस्था में से कितनी अन्य बातें आज हमने बचाकर रखी हैं? उस पर यह भी एक तथ्य है कि ब्राह्मण भले ही वर्णाश्रम-व्यवस्था का अंग हों, विभिन्न जातियाँ भारत में सभी धर्मों में स्पष्ट और गहराई से गढी हुई दिखाई देती हैं। मुसलमानों में अशरफ़, अजलाफ़, अरजाल आदि समूहों में बंटी सैकड़ों जातियाँ मिल जायेंगी। बल्कि मुसलमानों में अनेक ऐसी जातियाँ भी हैं जो हिन्दुओं में नहीं होतीं। सिखों में जाट, खत्री, मज़हबी समूहों के अतिरिक्त हिन्दू जातियों में पाये जाने वाले कुलनाम मिलेंगे और ईसाई समुदाय में तो अपने को दलित, सीरियन, सारस्वत आदि मानकर भिन्नता बरतने वाले आसानी से दिखाई देते हैं। इस प्रकार, जातियाँ आनुवंशिक, क्षेत्रीय या दोनों हो सकती हैं जबकि ब्राह्मण इन दोनों से ही अलग हैं। इसी प्रकार जातियाँ हिन्दूओं से इतर मान्यता वाले समूहों में भी उपस्थित हैं जबकि ब्राह्मण नहीं।

जन्मना जायतेशूद्र: संस्कारात् द्विज उच्यते:
शास्त्र का वचन है कि जन्म से सभी मनुष्य शूद्र हैं। ज्ञान प्राप्त करने के उद्देश्य से यज्ञोपवीत लेकर शिक्षा लेने वाला मनुष्य द्विज कहलाता है। अर्थात ब्राह्मण वह है जो ज्ञान प्राप्ति द्वारा समाज के उत्थान हेतु अपने जन्म, जाति, देश, अस्तित्व आदि के बन्धनों का त्याग करता है।

सामवेद शाखा के वज्रसूचिकोपनिषद (वज्रसूचि उपनिषद) में ब्राह्मण विषय पर विस्तार से वार्ता हुई है। प्रश्न हैं, सम्भावनायें हैं, उनका सकारण खंडन है और फिर परिभाषा भी है:
क्या जीव ब्राह्मण है? नहीं!
क्या शरीर ब्राह्मण है? नहीं!
क्या जाति ब्राह्मण है? नहीं!
क्या ज्ञान ब्राह्मण है? नहीं!
क्या कर्म ब्राह्मण है? नहीं!
क्या (सत्कर्म का) कर्ता ब्राह्मण है? नहीं!

तब फिर ब्राह्मण है कौन? जिसे आत्मा का बोध हो गया है, जो जन्म और कर्म के बन्धन से मुक्त है, वह ब्राह्मण है। ब्राह्मण को छह बन्धनों से मुक्त होना अनिवार्य है - क्षुधा, तृष्णा, शोक, भ्रम, बुढ़ापा, और मृत्यु। एक ब्राह्मण को छह परिवर्तनों से भी मुक्त होना चाहिये जिनमें पहला ही जन्म है। इन सब बातों का अर्थ यही निकलता है कि जन्म और भेद में विश्वास रखने वाला ब्राह्मण नहीं हो सकता। ब्राह्मण वह है जिसकी इच्छा शेष नहीं रहती। सच्चिदानन्द की प्राप्ति (या खोज) ब्राह्मण की दिशा है। ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिये कार्य करता है। ब्राह्मण का एक और कार्य ब्रह्मदान या ज्ञान का प्रसार है। इसी तरह, असंतोष के रहते कोई ब्राह्मण नहीं रह सकता, भले ही उसका जन्म किसी भी परिवार में हुआ हो। ऐसा लगता है कि "संतोषः परमो धर्मः" भी ब्राह्मणत्व की एक ज़रूरी शर्त है।

आपका क्या विचार है?
ब्लॉगअड्डा ने मेरा एक साक्षात्कार प्रकाशित किया है, यदि आपकी रुचि हो तो यहाँ क्लिक करके पढ सकते हैं, आभार!
* सम्बन्धित कड़ियाँ *
* वज्रसूचि उपनिषद्
* चार वर्ण (गायत्री परिवार)
* बॉस्टन ब्राह्मण
* पाकिस्तान में एक ब्राह्मण
* हू इज़ अ ब्राह्मण (धम्मपद)
* जन्मना (रमाकांत सिंह) 

Saturday, February 26, 2011

मैजस्टिक मूँछें [कहानी: अनुराग शर्मा]

नागोबा डुलाय लागला ...

बिल्कुल वही है। खाल के ऊपर रेंगता है। वही है। मैं भी तो वही हूँ। बैठा भी वहीं हूँ आज तक। तुम जबसे गयीं, निपट अकेला हूँ। वही शनिवार, वही तीसरा पहर, वही अड्डा, वही बेंच। वही आवाज़ें: तिकीट, तिकीट, तिकीट ... जवळे, शिर्वळ, सांगळी, खंडाळा ...। वही नारे: पानी घाळा1, दारू सोडा2, जय महाराष्ट्र ...। हज़ारों मील चला हूँ। फिर भी वहीं बैठा हूँ। यह कैसी उलटबांसी है? सनक गया हूँ क्या? मैं ही इक बौराना?3

"पुढ़े सरका शर्मा जी" ममता इसी बेंच पर मुझसे चिपककर बैठ गयी है। मैं सकुचाता हूँ तो शरारत से कोहनी मारकर कहती है, "शर्मा जी मुझसे इतना शर्माते क्यों हैं?"

अभी जाकर बस में बैठी है। मुझे अपलक देखकर मुस्कुरा रही है। बस चल पड़ी है। अब चेहरा नहीं दिखता। हाथ हिला रही है। वीजे की बस आ गई है। उतरा है। बिना इधर उधर देखे चला आ रहा है। केवल एक दिन रुककर कल चला जायेगा। ममता परसों वापस आ जायेगी। इन्होंने एक दूसरे को कभी देखा नहीं। पर जानते हैं। सुनते हैं मेरी बातें। चुप करूँ तो बारबार पूछते हैं। सप्ताह भर शरारत, सप्ताहांत भर टोकाटाकी। ट्वेंटी फोर सेवन, अराउंड द क्लॉक। लगातार, दिन रात।

"मूँछें कटा लो, बूर्ज्वा, ज़मीन्दार, महंत ..." हमेशा किसी न किसी बात पर टोकता है वीजे।

जाने कहाँ से तुम बीच में आ जाती हो। मंत्रमुग्ध सी कहती हो, "हमेशा ऐसी ही रखना। मैजिस्टिक लगते हो तुम।"

"सफेद हो जायेंगी तब तो कटा लूँ?"

"नहीं, तब तो और भी सुन्दर लगोगे। कटाना मत और रंगना भी मत" तुम्हारी अंग्रेज़ी भी तुम्हारे रूप जैसी निर्दोष है।

"मूँछें छोड़, अपनी बता ..." मैं वीजे के कंधे पर धौल जमाता हूँ।

"महानता नहीं है, महानता का क्षुद्र भाव है यह मूँछ ..."

"काका से सुलह हुई क्या?"

"बात मत करो बुड्ढे की। जवान लड़के के बाप को शादी की सूझी है।"

"होता है, होता है, अभी तूने दुनिया देखी कहाँ है।"

"नहीं कटाओगे? अरे, मॉडर्न दिखो। भैया ही रहोगे हमेशा?"

"तू भी भैया ही है ... माया का भैया, भैया जी। बड़ा आया भैया वाला।"

"आय ऐम घाटे, मैनेजर ऑफ दिस ब्रांच। बोले तो ... एचआर को कोई समझ भी है क्या? पहाड़ के झरनों से उठाकर आपको सीधा यहाँ सात तारों के बंजर घाट में भेज दिया। चार महीने में मेरे जैसे भुजंग हो जायेंगे।"

मेजेस्टिक मूँछें
अन्दर तक क्यों दिख जाता है मुझे? साफ दिख रहा है घाटे का डर। कहीं गाँव वालों को पता न लग जाये कि मैं यूपी से हूँ। नया अफसर एक भैया है? पंजाब हो या महाराष्ट्र, यूपी के सब भैये। ये सब तारण के अधिकारी? अभी तो मेरा पहाड़ यूपी में ही हैं। पर, कब तक यूपी में रहेगा? यूपी, उत्तराखंड, उत्तरांचल, कूर्मांचल? यहाँ आने से पहले मैं पहाड़ में रहा ज़रूर था मगर मुझे पहाड़ी कौन कहेगा? पहाड़ी लोग तो मुझे देखते ही मैदान वाला बता देंगे। मैदान, मतलब नीची ज़मीन, तराई, तलहटी, वादी। वादी ... मतलब नर्क4?

कौन हूँ मैं? भोटिया, रंग, नेवारी, गढ़वाली, कुमायूँनी, घाटी, पठान, मंगोल, कोई भी तो नहीं हूँ। पुरखे तो पहाड़ से ही थे। पर वे पहाड़ दूसरे थे - गर्वोन्नत, असीमित, अनंत। तुम्हारे शब्दों में कहूँ तो मैजेस्टिक! लोहित कुण्ड से कश्यप सागर तक, पुरखों के चिह्न आज भी मौजूद हैं। पुरखों के चिह्न? चिह्न तो सब परायी मिल्कियत हैं अब। बस, पुरखे अभी भी हमारे ही हैं। उनको कौन लेगा? सम्पत्ति की कीमत है, बनाने वाले का क्या? ब्रहमपुत्र तुम्हारी हुई, परशुराम हमारे रहे। रेणुका तीर्थ तुम्हारा, रेणु माँ हमारी। खीर तुम्हारी, भवानी हमारी। च्यवनप्राश, अमीरीप्राश, राजभोगप्राश, कोई नाम रख लो, वह सब तुम्हारा, च्यवन बाबा हमारे। आज़ादी तुम्हारी, फाँसी हमारी। अब तो ज्योतिष भी व्यवसाय हो गया है। हर चैनल पर, अखबार में, ज्योतिष की दुकान तुम्हारी, आस बंधाने का दोष हमारा। मन्दिर का धन, संचालन, नियंत्रण तुम्हारा, पूजा हमारी। दान पेटी तुम्हारी, निर्जला व्रत हमारा।

"जेहि विधि राखे राम ...." दादाजी मगन होकर मन्दिर में भजन गा रहे हैं।

हर किसी को अपना अलग घर चाहिये। पाकिस्तान, बांगलादेश, नागालैंड, गोरखालैंड, खालिस्तान, तमिलनाडु, तेलुगु देशम, तेलंगाना, विदर्भ, हरित प्रदेश। और, पुत्रोहम पृथिव्या? अपने ही घर में बेघर! लेकिन ... क्षीरभवानी को भोग कौन लगायेगा? बमियान बुद्धा को भोग कौन लगाता है मूर्ख? भगवान नहीं, तो भोग भी नहीं। मतलब नास्तिक? नहीं! नास्तिक नहीं! दैत्य नास्तिक नहीं, धर्मद्रोही होते हैं। पहले नास्तिकों का साथ लेकर धर्मात्माओं को  मारेंगे। धर्मात्माओं के मिटते ही, अब निर्बल हुए नास्तिकों को भी मिटा देंगे। निश्चिंत धर्मद्रोही फिर अपनी मूर्तियाँ लगायेंगे। मन्दिर विवादित ढांचे हो जायेंगे पर नियंत्रणवादी तानाशाहों की मूर्तियाँ अटल रहेंगी। संघे शक्ति कलयुगे। सेंट पीटर्सबर्ग एक झटके में लेनिनग्राद हो गया, वोल्गोग्राद, स्टालिनग्राद बना! क्या लेनिनग्राद फिर से कभी सेंट पीटर्सबर्ग हो सकता है5? बर्लिन की दीवार अटूट है।6 सद्दाम मामू7 अमर रहें। दानव अजेय हैं8

शिन्दे आता है, विशालकाय। "अरे आप तो ममता मैडम जैसे नाज़ुक हैं। मुम्बई में एक शर्मा दोस्त था मेरा, मुझे लगा वैसे ही होंगे, लम्बे तगड़े" वह कहता नहीं पर उसकी निराशा सुनाई दे रही है कि यह कल का मुळगा यूपी से आ गया अफसरशाही चलाने। हमेशा से यही होता है। श्रीमंत ने कन्नौज से कोटपाल बुलाया था। तब तो हम कुछ नहीं कर पाये थे लेकिन अब बदला ले रहे हैं। हड़ताल कराते हैं। नाटक भी लिखते हैं उसके खिलाफ। बेकार नहीं हैं नाटक। ये नाटक कल इतिहास बदल देंगे। लोग नाटक को इतिहास और इतिहास को कल्पना कहेंगे। वे कहेंगे कि कोटपाल ज़ालिम था। मन्दिर कभी नहीं था। राम भी नहीं थे। अयोध्या नहीं थी। बुद्ध भी नहीं थे। बमियान भी नहीं था। है कोई सबूत तुम्हारे पास? खुदाई करो, दिखाओ कुछ। बमियान के मलबे से भगवान बुद्ध का कंकाल निकालकर अदालत के सामने पेश किया जाये। दूर के इतिहासकारों ने सिद्ध कर दिया है कि बमियान में बुद्ध कभी नहीं थे, अगर कभी थे भी तो उन्हें वैदिक हिंसा से उडाया गया था - 5000 साल पहले। तालेबान सर्व-धर्म समभाव सिखाता है। उम्मत बनाता है, वसुधैव कुटुम्बकम सिखाता है। जिहादी धर्मान्धों की बारूदी सुरंगें चीनी कम्युनिस्ट धर्महंताओं से खरीदी जाती हैं। नया इतिहास लिखो। आर्य-द्रविड़ संघर्ष की कल्पना रचो। अहिंसा परमो धर्मः के सत्य में धर्म हिंसा तथैव च का झूठा पुछल्ला चिपका दो। कलम तोड़ो, बारूद और पैसे से नया इतिहास लिखो। परंतु लिखने को पैसा कहाँ से आयेगा? अपहरण करेंगे, जो मिलेगा उसका, स्त्रियों का, बच्चों का, कर्मचारियों का, पूंजीपतियों का। पूंजी का विरोध? पूंजी के अपहरण से? वाह बेटा वाह! भविष्य देख नहीं सकते, वर्तमान छू नहीं सकते, इतिहास ज़रूर लिखेंगे, ये मौकापरस्त कीड़े।

इतिहास का कीड़ा पास आ गया है। सरदारजी बोल रहे हैं, "पुच्छमित्तर छुंग"। ब्लैकबोर्ड पर लिख रहे हैं, "पुष्यमित्र शुंग"। बोलने का इतिहास अलग, लिखने का अलग, भोगने का अलग। घर की ईमानदारी अलग, दफ्तर की अलग। मन्दिर का धर्म दूसरा, दुकान का तीसरा? फिर चौथा, पाँचवाँ ...? पाँव पर किसी के रेंगने का वह चिपचिपा, लिजलिजा अहसास। पानी घाळा नारू टाळा9। घर-घर में नारू का प्रकोप है। नारू का कीड़ा, खाल में घुसकर शरीर भर में घूमता रहता है। कैसा लगता होगा? पानी उबालेंगे तो नारू नहीं आयेगा। पर जो आ गया, वह नहीं जायेगा। पर यह नारू नहीं है। अज़गर है क्या? नहीं, यह नाग है। अज़गर जैसे कसता नहीं, डसता है। नारू के जैसे खाल के अन्दर छिपता नहीं, दबंगई से ऊपर रेंगता है।

भोले-भाले, सरल लोग हैं। कभी भी कहीं भी खाने लगते हैं। कभी भी कहीं भी दाँत मांजने लगते हैं। अभी-अभी रुकी बस में बैठी बहिनी कोयले के चूरे से दाँत साफ कर खिड़की से बाहर थूक रही है। थुंको नका। थुंको नका।

एक सुन्दरी मेरे पास आकर कुछ पूछती है। थोड़ी मराठी समझने लगा हूँ पर वह मराठी नहीं बोलती है। फिर भी उसकी मांग समझ आती है। हाथ बढ़ाता हूँ, वह बोतल ले लेती है। मुँह से छुए बिना, साँस रोककर पूरी बोतल पी जाती है। तृप्त हुई। अमृत अधरों से होकर गर्दन भिगोता हृदय तक आता है। मैं सामान्य क्यों नहीं हूँ? अन्दर तक क्यों दिखता है मुझे? उसकी नज़र बचाकर वीजे मुझे आँख मारता है। अचानक गर्मी का अहसास होता है। लेकिन बोतल अब खाली है। कमाल है, पूरे बस अड्डे पर पानी का इंतज़ाम बिल्कुल नहीं है। लोग प्यासे हैं, बेचैन हैं। उनकी प्यास के लिये प्रशासन नहीं मनु ज़िम्मेदार हैं। यहाँ कैसे हो, पानी तो गंगा, यमुना, कावेरी, कहीं भी नहीं बचा है। सब नदियाँ नाला भईं! उसके लिये चाणक्य ज़िम्मेदार है। उसी ने भरा की जड़ में मट्ठा डाला था। पानी को भूल जाओ, मनु को गाली दो, चाणक्य का पुतला जलाओ। उफ़्फ़, सुई जैसा कुछ चुभा अचानक।

शिन्दे बता रहा है, "पोटनीसांचे वड़गाँव10 आज भी दूर दूर तक मशहूर है। बहुत खुशहाली थी यहाँ। गांधीवध के बाद खड़े खेत जला डाले। गांधीद्रोही, देशद्रोही कहकर उजाड़ दिया ब्राह्मणों के घरों को, तोड़ दिया खलिहानों को।"

ब्राह्मण खत्म हुए। जो बचे वे पुणे, मुम्बई, दिल्ली, लंडन चले गये। पोटनीस अब कभी भी वापस नहीं आयेंगे। उनके बनाये ताल, बांध, सब मिटा दिये गये। 1948 में पहली बार सूखा पड़ा था यहाँ। तब से अब तक सब बर्बाद हो गया है। बस्ती के बाहर उजड़े मन्दिर की दशा आज भी वही दास्ताँ बयान करती है। गाँव के नाम से पोटनीसांचे हटाने का आन्दोलन चल रहा है। नया नाम शायद ज्योतिबाफुलेग्राम होगा। मन्दिर का जलकुंड सूख चुका है। लोग प्यासे हैं। मन्दिर की जगह किसी राजनेता की मूर्ति लगेगी। पुरखों के चिह्न?

पंडितों के दरवाज़ों पर कोयले से निशान लगाये जा रहे हैं। "धर, कल यह घर खाली चाहिये।" 1989 में पहली बार काली बर्फ गिरी थी। बकवास है, बर्फ कभी काली नहीं होती। पण्डित कभी कश्मीर में नहीं रहते थे। पण्डित नेहरू को गौस अली ग़ाज़ी का रिश्तेदार बता दो। बाकी काम अपने आप हो जाएगा। वादी ... मतलब नर्क। भूखे नंगे शरीर गैस चैम्बर में लाये जा रहे हैं। क्या हिटलर कभी हारेगा? यहूदियों को उनका इसराइल वापस मिलेगा? क्या वे शांति से रह पायेंगे? इस्राइल बन भी गया तो क्या यहूदियों से भी अधिक सताये गये रोम11 और डोम12 लोगों को अपना घर मिलेगा? क्या रोम यूरोप में और डोम मध्य-पूर्व में अनंत काल तक भटकेंगे? त्रिशंकु को चैन कब मिलेगा?

कमनीय लड़की चली गयी है। कन्नड़ बोल रही थी। लेकिन, ... कन्नड़ तो मुझे अच्छी तरह आती है। ठीक तो है, तभी तो समझ सका उसकी बात। प्यास को किसी भाषा की ज़रूरत नहीं होती। दोष जल-प्रबन्धन का नहीं है। दोष जाति का है, क्षेत्र का है। दोष भाषा का है। तुम तो अंग्रेज़ी और तमिळ बोलती थीं। हिन्दी का एक शब्द भी नहीं जानती थीं। सीखी भी नहीं। हमारा संवाद फिर भी था। कैसे? संस्कृत वाक्? तमिळ संगम? मौन रागम्? मुझसे क्यों डरती थीं तुम? हम तुम्हारी भाषा, संस्कृति क्यों मिटायेंगे? हमारी तो स्वयम् की भाषा, संस्कृत, संस्कृति सब मिट गयी। अपने ही देश में बेगाने हो गए। हाशिये पर भेजकर धीरे धीरे शांत कर दिये गए। ॐ शांतिः शांतिः शांतिः! यह कोई मामूली सुई नहीं, तीक्ष्ण तीर है। पाँव पर रेंगते नाग ने मुझे डस लिया है शायद। फुफकार तो सुनाई नहीं दी। काल की लाठी बेआवाज़ होती है। क्या यह नाग मेरा काल है?

गीत चल रहा है, "यम के दूत बडे मरदूतैं, यम से पड़ा झमेला... उड़ जायगा... हंस अकेला"।13 वीजे को कुमार गंधर्व पसन्द नहीं हैं। वह मेरे कमरे में खड़ा नाक भौं सिकोड़ रहा है। उसके मूँछ नहीं है।

"हंस अकेला ... ये क्या रोन्दू गाने सुनते रहते हो?" वीजे हमेशा टोकता रहता है।

"हवा हवा, खालेद, पॉप? पाकिस्तान, अरब, अमेरिका? क्या चाहिए?"

"आजकल ग़ज़ल का चलन है" वह कैसेटों के ढेर में छिप सा गया है।

"ये लो ग़ुलाम अली, जगजीत सिंह .... सब तो हैं।"

शिन्दे अपने दोस्त शर्मा के बारे में बताते हुए तैश में आ गया है, "मुम्बई में शर्मा क्यों नहीं होगा? गुजराती, बंगाली, अन्ना, बाबा सब है वहाँ, बस मराठा माणस नहीं है। है भी तो फक्त हम्माली (शारीरिक श्रम) करता है। घाटी (पहाड़ी/मराठी) शब्द तो एक गाली है मुम्बई में।"

देश में कहीं भी चले जाओ, स्थानीय आदमी अबला ही है। सदा का सताया हुआ, सहमा हुआ, शोषित, पद-दलित। घर का जोगी जोगड़ा, ठग बाहर का सिद्ध! सताया हुआ आदमी कोई भी अपराध कर सकता है। उसे सज़ा नहीं होती, उससे वार्ता होती है। उसके लिये पैकेज बनते हैं। पैकेज से समृद्धि आती है। यह विकास का मार्ग है। विकासमार्गी, प्रगतिशील, उन्नत वर्ग की दिशा-दशा। इसीलिये आम आदमी को विद्रोह करने के लिये तैयार करते हैं ये नरभक्षी। उसे सुसाइड बॉमर बनाते हैं। भूसा तैयार है। जिस किसी के पास दियासलाई की एक तीली हो, आ के जला दे। अरे, कोई है?

इस मुल्क ने जिस शख्स को जो काम था सौंपा,
उस शख्स ने उस काम की माचिस जला के छोड़ दी14

शिन्दे चाय लेने अन्दर चला गया है। दीवार पर भीमराव आम्बेडकर की बड़ी सी तस्वीर है। मैं ध्यान से देखता हूँ। वाद-विवाद में हमेशा प्रथम आता था मैं। नर्सरी से कॉलेज तक, कभी भी लिखा हुआ भाषण नहीं पढ़ा। आम्बेडकर पर प्रतियोगिता थी। भाषण प्रतियोगिता में दस हज़ार रुपये का इनाम? पहले कभी सुना नहीं था। पहली बार स्टेशन जाकर आम्बेडकर पर एक किताब खरीदी थी। कितनी मेहनत करके भाषण की तैयारी की थी। जीवन का सबसे अच्छा भाषण उसी दिन दिया था। मुझे कोई इनाम नहीं मिला। जो जीते वे तो सांत्वना पुरस्कार के लायक भी नहीं थे। एक निर्णायक ने बाद में मुझे बाहर ले जाकर कहा, "एक शर्मा को इनाम देना तो उलटबाँसी हो जाता।" तुम्हें क्या मालूम उलटबाँसी क्या होती है? उलटबाँसी में विरोधाभास नहीं होता है। तुमने कबीर को केवल पढ़ा है। हम तो दिन रात कबीर को जीते हैं। पोथी पढ़-पढ़ जग मुआ ...।

चर्बी का चलता फिरता ढेर अपने झोले में से टॉर्च निकालकर ग़रीब किसान-मज़दूरों को आशा की किरण दिखा रहा है। मज़दूर सम्मोहित से बैठे हैं। मुझे स्पष्ट दिख रहा है कि झोले के अन्दर बंधी हुई आशा छटपटाकर चिल्लाने की कोशिश कर रही है। जब तक मैं कुछ करूँ चर्बी के ढेर ने उसका गला दबा दिया है। मैं बेंच से उठना चाहता हूँ परंतु मेरा दर्द बढ़ता जा रहा है। क्या मेरा दर्द आशा के दर्द से, मज़दूरों की मजबूरी से बड़ा है? मज़दूरों को अभी भी किरण की आशा है। मेरी चुभन और बढ़ गयी है। मुझे लगा था कि नाग अपना ज़हर मुझमें उड़ेलेगा मगर यह तो उलटा मेरा खून पीने लगा है। हवा तेज़ हो गयी है। हवा में उड़ते कूड़े में सुन्दरी की फेंकी खाली बोतल भी है। दर्द असहनीय हो गया है।

"ग़ज़लें तो अच्छी सुना करो, जैसे कि पंकज उद्हास...।"

"देखो वह है तो एक, उधर ..."

"यह उसकी सबसे बेकार ऐलबम है ... अरे कुछ नशा, शराब, मय....पीना, पिलाना ..."

"पीजिये," शिन्दे चाय लेकर आता है, मुझे चित्र देखता पाकर झेंपता हुआ कहता है, "अम्बेडकर की तस्वीर मैंने नहीं लगाई है। वह तो मकानमालिक ने पहले से ही लगाकर रखी थी। ... हम वो नहीं हैं जो आप समझ रहे हैं।"

मैं उठकर चलने का प्रयास करता हूँ मगर हिल भी नहीं पाता। बैंच और मैं एकाकार हो गये हैं। नहीं, यह असम्भव है। नाग ने मुझे जकड़ रखा है। वह मज़े से मेरा खून पी रहा है। ख़बरें आती जा रही हैं, उत्तराखंड अलग हो गया है। नन्द ऋषि की दरगाह अब चरारे-शरीफ़ कहलायेगी। परशुरामपुरी का नया नाम कुल्हाड़ा पीर है। सम्पत्ति तुम्हारी हो गयी तो क्या, पुरखे तो मेरे हैं। उनका नाम मत छीनो। वड़गाँव ले लो, दरगाह ले लो परंतु नन्द ऋषि को मत मारो, धर और पोटनीस को बेघर मत करो।

लोग प्यासे हैं। अब प्लास्टिक की बोतल में पानी है, मगर गन्दा, नाले का पानी। लेबल पर अभी भी अंग्रेज़ी में गैंजेस लिखा है। नाग मुझे छोड़ देता है। वह झूम रहा है। मानो नशे में हो। अब मैं ठीक हूँ। बेंच से उठ भी सकता हूँ शायद। मगर उठता नहीं। तुम जो पास नहीं हो। अलगाव ज़रूरी था क्या?

नाग मदमस्त होकर गा रहा है, "विलांची नागिन निगाली, नागोबा डोलाय लागला15!"

तुम गुस्से में कहती हो, "डोन्ट इम्पोज़ हिन्दी ऑन अस।"

वीजे हँसकर कहता है, "मूँछें कटा लो।"


[समाप्त]
---------------------------
1 पानी घाळा = पानी उबालो (मराठी)
2 दारु सोडा = शराब छोडो (मराठी)
3 सगरी दुनिया भई सयानी, मैं ही इक बौराना ~ संत कबीर (विप्रमतीसी)
4 नर्क = नीची ज़मीन (संस्कृत)
5,6,7,8 तब का सच अब झूठ साबित हो चुका है
9 पानी घाळा नारू टाळा = पानी उबालने से नारू (हुकवर्म) से बच सकते हैं।
10 पोटनीस ब्राह्मणों का वड़गाँव
11 रोम (gypsy) = महमूद गज़नबी, मुहम्मद गौरी और तैमूर लंग के हमलों के समय भारत से विस्थापित हुई वे जनजातियाँ जो आज तक यूरोप में सताई जा रही हैं। इनकी भाषा रोमानी है।
12 डोम = रोम (gypsy) की वे शाखाएँ जो मध्य-पूर्व में गन्धार, उज़्बेकिस्तान और ईरान से लेकर फिलिस्तीन, सीरिया और तुर्की तक पाई जाती है। यह शिल्पकार लोग आज भी मौलिक मानवाधिकारों से वंचित हैं। इनकी अपनी बोलियों (डोमरी, चूड़ेवाली, मेहतर, कराची) के शब्द आज की हिन्दी जैसे ही हैं।
13 संत कबीर की एक रचना
14 पीयूष मिश्र का संवाद, गुलाल फिल्म से (इसे फिल्म की सिफारिश न समझें)
15 एक मराठी लोकगीत
[Hindi Short Fiction: Majestic Moustache]